Kanyakumari News: तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में कॉलेज छात्रा के यौन उत्पीड़न मामले ने नया मोड़ ले लिया है। छात्रा ने सत्तारूढ़ दल टीवीके के पदाधिकारी क्रिस्टोफर पर कार में बदसलूकी का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। हालांकि, शिकायत के एक दिन बाद ही छात्रा ने पुलिस से अपनी अर्जी वापस लेने का अनुरोध किया है।
बारिश के दौरान कार में लिफ्ट देकर बदसलूकी का आरोप
आरोप के अनुसार पीड़िता और उसकी सहेली भारी बारिश में बस का इंतजार कर रही थीं। तभी क्रिस्टोफर ने उन्हें कार में लिफ्ट दी। सहेली के पहले उतर जाने के बाद आरोपी ने छात्रा को घर छोड़ने के बहाने सफर के दौरान कथित रूप से प्रताड़ित किया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
शिकायत दर्ज होने के ठीक एक दिन बाद छात्रा ने लिखित पत्र देकर मामला बंद करने और कार्रवाई न करने की मांग की। इस घटनाक्रम के सामने आते ही सत्ताधारी दल पर पैसे और रसूख के दम पर पीड़िता को धमकाने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। विपक्ष का दावा है कि राजनीतिक दबाव बनाकर केस को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
विपक्षी दलों ने सरकार पर साधा निशाना, आंदोलन की दी चेतावनी
इस पूरे मामले को लेकर राज्य की राजनीति गर्मा गई है। डीएमके सांसद कनिमोझी ने सरकार से आरोपी पर सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़िता की सुरक्षा की मांग की है। वहीं एआईएडीएमके प्रवक्ता कोवई सत्यन ने सत्ताधारी पार्टी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। टीवीके के सूत्रों का कहना है कि कानून स्वतंत्र रूप से अपना काम करेगा।