कानपुर में नाबालिग ने पिता की XUV से दो साइकिल सवारों को कुचला, एक की मौत

Share

- Advertisement -

Kanpur News: कानपुर के कोहना थाना क्षेत्र में गंगा बैराज के पास चमनगंज निवासी साबिर के नाबालिग बेटे ने पिता की XUV तेज रफ्तार में चलाते हुए उन्नाव से आ रहे दो साइकिल सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में रामनरेश की मौत हो गई, जबकि मुन्नीलाल अस्पताल में भर्ती हैं। नाबालिग को कुछ ही घंटों में थाने से जमानत मिल गई।

हादसा रविवार (22 नवंबर) की सुबह मेघनपुरवा गांव के पास हुआ। उन्नाव के गंगाघाट क्षेत्र के भट्टापुरवा रामदयालखेड़ा निवासी रामनरेश (52) और शंकरपुर सरायं निवासी मुन्नीलाल (40) अलग-अलग साइकिल से मजदूरी करने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार XUV अनियंत्रित होकर दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उर्सला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामनरेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि मुन्नीलाल की हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसे के वक्त नाबालिग लड़का अपने दो-तीन साथियों के साथ कार में था। हादसे के बाद कार सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया। लोगों ने मौके पर ही गाड़ी रोककर पूछताछ की, जिसमें नाबालिग ने खुद कार चलाने और दोस्तों के साथ होने की बात कही। इसके बाद भीड़ ने चालक और उसके साथी की पिटाई कर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।

कुछ ही घंटों में क्यों मिली जमानत

एडीसीपी डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और एक घायल है। कार को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामला नाबालिग से जुड़ा है और सात साल से कम सजा वाले प्रावधान के तहत कानून के मुताबिक उसे कुछ ही घंटों में थाने से जमानत दे दी गई। कोहना थानाध्यक्ष मनीष सिंह चौहान ने बताया कि चालक नाबालिग बताया जा रहा है और परिजनों से उम्र संबंधी दस्तावेज मांगे गए हैं, जिनकी जांच के बाद ही उसकी उम्र स्पष्ट होगी।

कानपुर में लग्जरी गाड़ियों से हादसों के पुराने मामले

शहर में लग्जरी गाड़ियों से हुए ऐसे हादसे पहले भी सुर्खियों में रहे हैं। इसी महीने छोटी दीपावली पर बालू ठेकेदार गुड्डू सचान की बेटी गीत की थार से बीमा एजेंट संतोष सिंह की मौत हुई थी और उसे भी कुछ घंटों में जमानत मिली थी। इससे पहले ग्वालटोली में तंबाकू कारोबारी के बेटे शुभम की लैंबॉर्गिनी ने तीन लोगों को टक्कर मारी थी और उसे भी अदालत से जमानत मिल गई थी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News