वाराणसी सहित पूर्वांचल में तापमान ने लगाया गोता, सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज

Share

- Advertisement -

Varanasi News: वाराणसी और पूर्वांचल में बुधवार को सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, जब तापमान 12 डिग्री से नीचे चला गया। अंचलों में घना कोहरा छाया रहा, जबकि दिन चढ़ने पर धूप ने राहत दी। मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह ठंडक और सुबह कोहरे का अनुमान जताया है।

सीजन में सबसे ठंडी सुबह बुधवार की साबित हुई, जब गलन का असर इतना हुआ कि पारा 12 डिग्री से नीचे तक जा पहुंचा। सुबह अंचलों में कोहरा भी असर करता रहा, तो दिन चढ़ने पर धूप ने लोगों को राहत दी और कोहरा छंट गया। शहर में कोहरे का असर तो कम रहा, लेकिन ठंडक की वजह से दुश्वारियों का दौर बना रहा।

अधिकतम 27.2, न्यूनतम 11.8 डिग्री दर्ज

बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। जबकि आर्द्रता न्यूनतम 62 प्रतिशत और अधिकतम 88 प्रतिशत दर्ज की गई। तापमान में व्यापक गिरावट का दौर बुधवार की सुबह दर्ज किया गया, जब सीजन में सबसे कम तापमान वाला दिन साबित हुआ।

दरअसल अकवान चक्रवात के गुजरने के बाद बने वैक्यूम को भरने के लिए ठंडक लिए हुए हवाओं का आगमन पूर्वांचल में हुआ। इसकी वजह से पूर्वांचल के कई जिलों में कोहरे का भी दौर रहा और दिन चढ़ने के साथ ही गलन भरी हवाओं का दौर कुछ कमजोर पड़ा, तो शाम को ठंडक का असर दोबारा महसूस होने लगा। हालांकि दिन की धूप लोगों को पर्याप्त राहत देती रही।

मौसम विभाग की ओर से इस पूरे सप्ताह मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग की ओर से इस पूरे सप्ताह बादलों की कमी के साथ ही साफ आसमान के बीच सुबह कोहरे का अनुमान है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ठंडक के साथ ही पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से गलन भरी हवाएं पूर्वांचल सहित वाराणसी को प्रभावित करेंगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News