Kannauj News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए एक सड़क हादसे ने बड़े तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कांवड़ ड्यूटी से लौट रही पुलिस की गाड़ी और एक ब्रेजा कार के बीच टक्कर हो गई। कार की तलाशी लेने पर पुलिस ने 10 किलोग्राम वजनी सोने की ईंट बरामद की।
यह घटना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 171 के पास शुक्रवार देर रात लगभग 2 बजे घटी। सकरावा थाना प्रभारी अपने हमराहियों के साथ ड्यूटी समाप्त कर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद जब पुलिसकर्मी मदद के लिए पहुंचे, तो कार सवारों की घबराहट देखकर संदेह गहरा गया और वाहन की तलाशी ली गई।
नेपाल से दिल्ली ले जाई जा रही थी सोने की खेप
पुलिस ने भारी मात्रा में सोना मिलने के बाद दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और कार जब्त कर ली। पकड़े गए आरोपियों में से एक महराजगंज और दूसरा नेपाल का रहने वाला है। शुरुआती जांच में आशंका है कि यह सोना नेपाल के रास्ते तस्करी कर दिल्ली पहुंचाया जा रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, अगर एक्सप्रेसवे पर यह सड़क हादसा न होता तो सोने की यह बड़ी खेप आसानी से दिल्ली पहुंच जाती। पुलिस अब सोने के बिल और वैध दस्तावेजों की जांच कर रही है। पूरे मामले की सूचना आयकर विभाग और कस्टम्स को भी दे दी गई है।
