Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की हटपंग पंचायत अंतर्गत ठाकुरद्वारा गांव में दुखद घटना घटी। यहां एक आशा वर्कर रेनू बाला की सांप के डसने से अचानक जान चली गई। 12 सितंबर को घर पर ही उनकी तबीयत बिगड़ी थी। स्वास्थ्य कार्यकर्ता की इस असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल फैल गया है।
अकेले दम पर संभाल रही थीं परिवार की जिम्मेदारियां
हटपंग पंचायत की प्रधान शशि बाला ने बताया कि रेनू बाला की मौत घर पर सर्पदंश के कारण हुई। उनके पति श्याम सिंह का निधन छह साल पहले हो चुका था। पति के जाने के बाद वही पूरे परिवार का खर्च और देखभाल संभाल रही थीं। रेनू के जाने से उनके दो नाबालिग बच्चे हर्ष और निधि बिल्कुल अकेले पड़ गए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से की आर्थिक मदद की अपील
मृतका के देवर सुजान सिंह के अनुसार जब तक वे मौके पर पहुंचे, रेनू दम तोड़ चुकी थीं। परिजनों ने 13 सितंबर को उनका अंतिम संस्कार किया। आशा वर्कर के तौर पर वह गांव में स्वास्थ्य सेवाएं देती थीं। ग्रामीणों और परिजनों ने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रशासन से हरसंभव आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है।