Jhansi News: झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव उसके घर में संदिग्ध हालात में मिला है। घटना के बाद से ही मृतका का पति कमरे के बाहर से कुंडी लगाकर मौके से फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है।
सीपरी बाजार के आवास विकास इलाके में रहने वाली मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के दतिया निवासी सुधा उर्फ शिवानी वंशकार के रूप में हुई है। डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए दोनों की प्रेम कहानी शुरू हुई थी, जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों में विवाद रहने लगा था।
कमरे में मिला शव, पति पर लगे गंभीर आरोप
पड़ोसियों के अनुसार, देर रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। सुबह जब शिवानी कमरे से बाहर नहीं निकली, तो लोगों ने खिड़की से झांककर देखा। बिस्तर पर शिवानी मृत पड़ी थी और उसके हाथ अकड़े हुए थे। परिजनों का कहना है कि शिवानी के मुंह से खून निकला था और गले पर चोट के निशान थे।
परिजन तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की बहन मुस्कान ने पति यश ठाकुर पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। बहन के मुताबिक यश रात में बैग लेकर निकला और बाहर से कुंडी लगा दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी।