Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के जगतपुरा इलाके में कार से स्टंटबाजी और उसके बाद हुए हिंसक टकराव का मामला सामने आया है। रामनगरिया थाना क्षेत्र में स्टंट के दौरान कई वाहनों को टक्कर मारने और लोगों के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अनुभव और उत्कर्ष के रूप में हुई है, जबकि मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
जगतपुरा में स्विफ्ट कार सवार युवकों द्वारा खतरनाक तरीके से स्टंट किया जा रहा था। इस दौरान कार ने सड़क पर मौजूद कई अन्य वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और कार सवारों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
बैक गियर में तेज कार दौड़ाकर भागे, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
प्रत्यक्षदर्शियों और घटना के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वाहनों को टक्कर मारने और विवाद बढ़ने के बाद आरोपी कार को तेज रफ्तार में बैक गियर में दौड़ाते हुए मौके से फरार हो गए। इस दौरान भी कई लोगों और वाहनों को चपेट में लेने की कोशिश का आरोप लगा है। घटना से जुड़े वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिनमें दोनों पक्ष आपस में भिड़ते दिखाई दे रहे हैं।
वाहन नंबर से हुई पहचान, अन्य आरोपियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलने के बाद रामनगरिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों—अनुभव और उत्कर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्टंटबाजी और उपद्रव में शामिल अन्य युवकों की पहचान की जा रही है और उन्हें भी जल्द हिरासत में लिया जाएगा। शहर में सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की खतरनाक ड्राइविंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।