Noida News: नोएडा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने हवाला के जरिए करोड़ों रुपये विदेश भेजने के मामले में एक चीनी नागरिक लियाओ लोंगहुई को गिरफ्तार किया है। वह पिछले छह साल से भारत में अवैध रूप से रह रहा था। आरोपी ने नागालैंड के कोहिमा के पते पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए अपना पहचान पत्र और अन्य भारतीय कागजात तैयार करवा लिए थे।
वीजा खत्म होने के बाद भी रह रहा था भारत में
पकड़ा गया चीनी नागरिक लोंगहुई वर्ष 2018 में भारत आया था। उसका वीजा 2020 में ही खत्म हो गया था, लेकिन वह चीन वापस नहीं लौटा। एसटीएफ को उसके नोएडा स्थित आवास से सैमुएल नाम का फर्जी पहचान पत्र मिला है। एसटीएफ अब केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ मिलकर इस बात की पड़ताल कर रही है कि कहीं उसने फर्जी पहचान पत्र पर भारतीय पासपोर्ट तो नहीं बनवा लिया था।
12 में से 3 बैंक खाते फ्रीज, बाकी की प्रक्रिया जारी
एसटीएफ एएसपी आर.के. मिश्रा ने बताया कि आरोपी के 12 बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनमें से 3 खातों को फ्रीज कर दिया गया है। बाकी खातों का लेनदेन ब्योरा मंगाकर उन्हें भी फ्रीज कराने की प्रक्रिया चल रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अन्य चीनी नागरिकों के हवाई टिकट बुक कराकर उन्हें विदेश की यात्राएं भी करा रहा था।
हैदराबाद और गौतमबुद्ध नगर में सक्रिय है नेटवर्क
एसटीएफ के अनुसार अब तक 12 चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से तीन के पास भारतीय पासपोर्ट मिले थे। जांच में पूर्वोत्तर की दो लड़कियां भी संदेह के दायरे में हैं जो आरोपी के साथ रह रही थीं। एसटीएफ और आईबी समेत कई राज्यों की सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क और गेमिंग ऐप ठगी गिरोह से जुड़े तारों की गहनता से जांच कर रही हैं।