हिमाचल के शाहतलाई में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटने से बड़ा हादसा, दो लोगों की मौत और सात घायल

Share

- Advertisement -

Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के शाहतलाई के पास श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य यात्री घायल हुए हैं। पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य चलाया।

तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी तीर्थयात्रियों की बस

यह दुखद हादसा उस समय हुआ जब 35 श्रद्धालुओं को लेकर बस देवटसिद्ध और शाहतलाई स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर की यात्रा पर जा रही थी। घायलों में तीन लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। गंभीर घायलों में से एक को पीजीआई चंडीगढ़ और दो को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

अन्य चार घायलों का इलाज बड़सर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक पंजाब के अमृतसर से आई इस बस का नंबर पीबी-03-बीजे-9755 है। हादसे की सूचना मिलते ही बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार, एसपी अभिषेक धीमान और बड़सर की एसडीएम स्वाति डोगरा अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने शीशे तोड़कर बचाई श्रद्धालुओं की जान

अमृतसर से आए ये श्रद्धालु बाबा बालक नाथ मंदिर में माथा टेकने के बाद शाहतलाई की तरफ बढ़ रहे थे। ग्रीन वैली होटल के पास एक तीखे मोड़ पर मुड़ते समय बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय निवासियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों ने अपनी गाड़ियों से घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहतलाई पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर मरीजों को बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला प्रशासन ने कहा कि वह स्थिति पर नजर रखते हुए सभी पीड़ितों को पूरी डॉक्टरी सहायता दे रहा है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News