Mandi News: हिमाचल प्रदेश में अष्टमी के दिन नया मुख्यमंत्री बनने को लेकर सोशल मीडिया पर सांझा की गई एक पोस्ट पर विवाद खड़ा हो गया है। इस संबंध में नाचन कांग्रेस के मीडिया प्रभारी की शिकायत पर धनोटू पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस भ्रामक पोस्ट से जनता में भ्रम और शांति व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश में सोशल मीडिया पर राजनीतिक नेतृत्व परिवर्तन को लेकर किए गए एक दावे के बाद विवाद शुरू हो गया है। फेसबुक पर अष्टमी के दिन राज्य में नया मुख्यमंत्री बनने संबंधी एक कथित भ्रामक पोस्ट डालने के आरोप में पुलिस थाना धनोटू में मामला दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार, नाचन ब्लॉक कांग्रेस के मीडिया प्रभारी घनश्याम राणा, कानूनी सलाहकार चंदर कौशल और कार्यकर्ता सुनील दत्त की शिकायत पर यह कदम उठाया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डिपल ठाकुर नाम की एक महिला के फेसबुक अकाउंट से यह दावा किया गया कि “हिमाचल को अष्टमी पर मिल सकता है नया मुख्यमंत्री”। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह पोस्ट झूठी अफवाह फैलाने, जनता को भ्रमित करने और प्रदेश के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने के उद्देश्य से साझा की गई है।

धनोटू पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 336(4) और 353(1)(b) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले के सभी तकनीकी व संबंधित पहलुओं की जांच की जा रही है।
शांति व्यवस्था प्रभावित होने की जताई आशंका
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस प्रकार की अप्रमाणित और मनगढ़ंत पोस्ट आम लोगों के बीच भ्रम फैलाने का काम करती हैं। शिकायतकर्त्ता का कहना है कि ऐसी भ्रामक सूचनाओं से राज्य के शांतिपूर्ण माहौल पर प्रतिकूल असर पड़ने की गंभीर आशंका है, इसलिए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई आवश्यक है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस मामले से जुड़े सभी तकनीकी और संबंधित तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कदम उठाए जाएंगे।
