हिमाचल पुलिस बैंड हार्मनी ऑफ द पाइन्स विवाद में बड़ा मोड़, महिला कांस्टेबलों ने कमांडेंट के खिलाफ शिकायत वापस ली

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश पुलिस का मशहूर बैंड ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ इन दिनों चर्चा में है। इस पूरे विवाद में अब बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। शिमला महिला पुलिस थाने में कमांडेंट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाली दोनों महिला कांस्टेबलों ने अपनी शिकायत आधिकारिक तौर पर वापस ले ली है।

दोनों महिला कांस्टेबलों ने दर्ज कराए अपने बयान

दोनों महिला पुलिसकर्मियों ने थाने पहुंचकर अपने बयान दर्ज करवा दिए हैं। इसके बाद पुलिस ने इस शिकायत पर आगे की कानूनी कार्रवाई समाप्त कर दी है। हालांकि, गायक गोपी जैक्स के खिलाफ महिला थाने में दर्ज अलग मामला अब भी बना हुआ है और उस पर नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया चल रही है।

कुछ दिनों पहले ही बैंड से जुड़ी दो महिला कांस्टेबलों ने शिमला के महिला पुलिस थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने कमांडेंट पर मानसिक उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत मिलने के तुरंत बाद शिमला पुलिस ने मामले में शुरुआती जांच प्रक्रिया शुरू कर दी थी, जो अब बंद हो गई है।

गायक गोपी जैक्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी

अब दोनों महिला कांस्टेबलों ने आवेदन देकर शिकायत वापस ले ली है। वहीं, बैंड के ही एक अन्य कांस्टेबल ने गायक गोपी जैक्स के खिलाफ सदर थाने में नई शिकायत दर्ज करवाई है। इस पूरे प्रकरण में अब केवल गोपी जैक्स के खिलाफ दर्ज मामले में ही कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ रही है।

कमांडेंट हाल के महीनों में अपनी विभिन्न सामाजिक पहलों के कारण काफी चर्चा में रहे हैं। जुन्गा स्थित बटालियन में उनकी पहल पर पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे करीब 650 युवाओं को लगभग एक महीने तक रोजाना दो समय का मुफ्त भोजन और निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके अलावा जुन्गा क्षेत्र की 22 पंचायतों के गरीब और जरूरतमंद बच्चों के लिए ई-डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की पहल भी की जा रही है। इससे बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं और आधुनिक शिक्षा का लाभ मिलेगा। प्रदेश की सात पुलिस बटालियनों में इस तरह की सामाजिक पहल पहली बार देखी जा रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News