हमीरपुर में बेटे की शादी का झांसा देकर परिवार से सवा लाख से अधिक की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हमीरपुर सदर पुलिस थाना के तहत बेटे की शादी कराने का झांसा देकर एक परिवार से 1.35 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले बातचीत और कपड़ों के नाम पर पैसे लिए। बाद में लड़की की मां के इलाज का झूठा बहाना बनाकर अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करवा ली।

बुरनाड़ निवासी प्रेम चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कांगड़ा के मड़ियाणा निवासी बलबीर सिंह ने उनके बेटे अशोक की शादी का भरोसा दिया था। बलबीर शादी समारोहों में पनयारी का काम करता है। उसने दावा किया कि इलाके में लड़कियां हैं और वह रिश्ता पक्का करवा देगा।

रिश्ता पक्का करने और कपड़ों के नाम पर पहली ठगी

शिकायत के अनुसार शादी की बातचीत आगे बढ़ाने के नाम पर प्रेम चंद के बड़े बेटे अश्वनी कुमार ने बताए गए मोबाइल नंबर पर 20 हजार रुपये गूगल पे किए। इसके बाद आरोपी ने लड़की के परिवार को गरीब बताया। उसने सगाई के कपड़े खरीदने के लिए 20 हजार रुपये और मंगवा लिए।

पैसे लेने के बाद आरोपी ने लड़की वालों को घर लाने और तारीख तय करने का वादा किया। पीड़ित परिवार उनके आने की राह देखता रहा। इसके बाद आरोपी ने नया बहाना बनाया कि लड़की की मां पेड़ से गिर गई है। उसने जालंधर में गंभीर इलाज का झूठा नाटक रच दिया।

मां के झूठे इलाज के नाम पर मंगवाई भारी रकम

शिकायतकर्ता के अनुसार इलाज के नाम पर आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में 10 हजार, 20 हजार, 30 हजार, 25 हजार और 10 हजार रुपये ऑनलाइन मंगवाए। इस तरह शादी और इलाज के नाम पर कुल 1.35 लाख रुपये ठग लिए गए। जांच करने पर अस्पताल में इलाज की बात पूरी तरह फर्जी निकली।

धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने शादी करवाने और फर्जी इलाज के नाम पर पैसे हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News