Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने ससुराल पक्ष को हार्ट अटैक से मौत होने की झूठी सूचना दी और शव को पैतृक गांव ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली। हालांकि, 14 वर्षीय बेटी की गवाही के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंतिम संस्कार रुकवाया और शव को कब्जे में लिया।
ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत खुरैरी गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां सशस्त्र सीमा बल (SSB) में पदस्थ आरक्षक ज्ञान सिंह जाटव ने अपनी पत्नी रिंकी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने परिजनों और ससुराल वालों को गुमराह करते हुए दावा किया कि रिंकी की मौत दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से हुई है। इसके बाद वह शव को लेकर भिंड जिले के अटेर स्थित अपने पैतृक गांव पहुंच गया, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं।
14 वर्षीय बेटी ने पुलिस के सामने खोली पिता की करतूत
ससुराल पक्ष को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर में मौजूद 14 वर्षीय डरी-सहमी बेटी से अलग ले जाकर पूछताछ की, तो उसने खौफनाक सच बयां कर दिया।
बच्ची ने पुलिस को बताया कि पिता घर आने के बाद से ही मां के साथ लगातार झगड़ा और मारपीट कर रहे थे। रात के समय उन्होंने मां को जमीन पर पटक दिया, उनके सीने पर बैठ गए और बेरहमी से गला दबाकर जान ले ली।
मौके से आरोपी फरार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मूल रूप से भिंड के अटेर का रहने वाला ज्ञान सिंह जाटव एसएसबी का जवान है और उसने ग्वालियर के खुरैरी में मकान बना रखा था, जहां उसकी पत्नी रिंकी अपनी 14 साल की बेटी और 12 साल के बेटे के साथ रहती थी। प्राथमिक जांच के अनुसार, चरित्र संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
सच्चाई सामने आते ही पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर अंतिम संस्कार रुकवा दिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ग्वालियर भिजवाया। इस बीच मौका पाकर आरोपी जवान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और शव के पोस्टमार्टम के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।