इटावा में बंद कमरे के बक्से में मिला सिक्योरिटी गार्ड का शव, साथ रहने वाली बेटी लापता

Share

- Advertisement -

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में सिविल लाइन क्षेत्र स्थित टीबी अस्पताल कॉलोनी में एक बंद कमरे के अंदर रखे बक्से से 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड श्याम सुंदर कठेरिया का शव बरामद हुआ है। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था। घटना के बाद से उनके साथ रहने वाली 18 वर्षीय बेटी लापता है।

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब टीबी अस्पताल (कांशीराम) कॉलोनी के 14 ब्लॉक स्थित एक बंद कमरे में रखे बक्से (संदूक) से अधेड़ का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान 55 वर्षीय श्याम सुंदर कठेरिया के रूप में हुई है, जो शहर के चाणक्य होटल में सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से गार्ड की नौकरी करते थे।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, श्याम सुंदर का कमरा करीब चार दिनों से बंद था। शनिवार को वहां से हल्की दुर्गंध आने लगी थी, लेकिन रविवार को जब बदबू असहनीय हो गई तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बंद कमरे का ताला खुलवाया। अंदर रखे बड़े बक्से को खोलने पर उसमें श्याम सुंदर का शव मिला, जो कई दिन पुराना होने के चलते बुरी तरह सड़ चुका था।

साथ रहने वाली 18 वर्षीय बेटी लापता, जांच जारी

घटनास्थल पर मृतक के साथ रहने वाली उनकी 18 वर्षीय बेटी मौजूद नहीं मिली। स्थानीय स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि बेटी अपने किसी नजदीकी या प्रेमी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गई है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और युवती की तलाश के बाद ही वास्तविक स्थिति साफ होगी।

मृतक की बड़ी बेटी काजल ने बताया कि उनके पिता होटल में गार्ड थे। करीब पांच दिन पहले उनकी पिता से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, जिसमें उन्होंने हालचाल पूछा था और घर आने की बात कही थी। इसके बाद शुक्रवार और रविवार को फोन करने पर मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिला, जिसके बाद उन्हें इस घटना की जानकारी हुई। काजल ने यह भी बताया कि उनकी मां शशि देवी दूसरी शादी करने के बाद करीब 10 साल से पिता से अलग रह रही हैं। तीन बहनों में काजल सबसे बड़ी है, दूसरी बहन पूजा है और तीसरी बहन खुशी मां के साथ रहती है।

पुलिस ने गठित कीं तीन टीमें, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

इटावा की पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) बबीता सिंह ने बताया कि टीबी अस्पताल कॉलोनी के ब्लॉक संख्या 14 में बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की थी। कमरे के अंदर बक्से से व्यक्ति का शव मिला है। फोरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

एसपी सिटी के अनुसार, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। मृतक के साथ रहने वाली बेटी लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना के खुलासे और संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया है।

Read more

Related News