रोसड़ा में बैंक ऑफ बड़ौदा सीएसपी से तीन लाख की लूट, ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ा

Share

- Advertisement -

Samastipur News: शाहपुर-दलसिंहसराय मुख्य पथ पर सुरौली स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) से हथियारबंद चार बदमाशों ने तीन लाख रुपये लूट लिए। ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। पुलिस ने लूटी गई रकम, दो देसी कट्टे और कारतूस बरामद किए हैं।

शाहपुर-दलसिंहसराय मुख्य मार्ग किनारे सरस्वती चौक सुरौली स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) में मंगलवार दोपहर हथियारबंद चार बदमाशों ने धावा बोलकर करीब तीन लाख रुपये लूट लिए। घटना उस समय हुई जब सीएसपी में ग्राहकों की संख्या बेहद कम थी। संचालक विवेक कुमार ने बताया कि बदमाश योजनाबद्ध तरीके से पहुंचे थे और हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया।

मंगलवार दोपहर लगभग 1 बजे सीएसपी संचालक विवेक कुमार लेन-देन का काम कर रहे थे। उसी दौरान चार हथियारबंद बदमाश ग्राहक बनकर अंदर घुसे और भीतर से ग्रिल बंद कर ली। इसके बाद बदमाशों ने हथियार तानकर संचालक को कब्जे में ले लिया और नकदी समेटने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने कट्टा तानकर गोली चलाने की कोशिश की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ दिए।

ग्रामीणों ने घेरा, हाथापाई के बीच भागे बदमाश

संचालक के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख दो बदमाश भागने लगे, जिन्हें लोगों ने पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान हुई हाथापाई में बदमाश अपनी चप्पलें छोड़कर भाग निकले, जबकि ग्रामीणों ने उनसे दो देसी कट्टे और एक कारतूस छीन लिया। सीएसपी के भीतर उलझे दो अन्य बदमाश भी स्थिति बिगड़ते देख वहां से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा, दारोगा टीपू कुमार और विशाल प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। कुछ ही देर में रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा भी मौके पर पहुंच गए।

नदी किनारे छिपे बदमाश को ग्रामीणों ने दबोचा, दारोगा चोटिल

घटना के बाद नदी किनारे बगीचे में छिपे एक बदमाश को देखकर स्थानीय बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया। सूचना मिलते ही दारोगा टीपू कुमार और विशाल प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और बदमाश को हिरासत में लेने की कोशिश की। हालांकि, आक्रोशित भीड़ ने पकड़े गए बदमाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कवरेज कर रहे तीन स्थानीय यूट्यूबर्स के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।

पुलिसकर्मी जब पकड़े गए बदमाश को बाइक पर बैठाकर सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे थे, तभी शाहपुर पुल के पास आक्रोशित लोगों ने उन्हें घेर लिया। भीड़ के बीच-बचाव के प्रयास में दारोगा टीपू कुमार चोटिल हो गए। इसके बावजूद वह बदमाश को लेकर थाने पहुंचे। तलाशी के दौरान बदमाश की जेब से दो जिंदा कारतूस मिले।

रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि लूटी गई पूरी राशि, दो देसी कट्टे और तीन जिंदा कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा के अनुसार, फरार अन्य बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Read more

Related News