Delhi News: दिल्ली में सुरक्षा के तमाम दावों के बीच 10 में से लगभग 9 महिलाएं आज भी मेट्रो स्टेशन या बस स्टॉप तक पैदल जाने में असुरक्षित महसूस करती हैं। लैंगिक समानता के क्षेत्र में काम करने वाले संगठन सेंटर फॉर इक्विटी एंड इंक्लूजन के सर्वे में 88.9 फीसदी लोगों ने अंधेरे के बाद पार्कों को असुरक्षित बताया है।
पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, लैंगिक समानता के क्षेत्र में काम करने वाले संगठन ‘सेंटर फॉर इक्विटी एंड इंक्लूजन’ (सीईक्यूयूआईएन) ने अपने अध्ययन में पाया है कि दिल्ली में बड़ी संख्या में महिलाएं और लड़कियां मेट्रो स्टेशन या बस स्टॉप तक पहुंचने में अभी डर महसूस करती हैं। हर 10 में से लगभग 9 महिलाएं और लड़कियां अपने नजदीकी सार्वजनिक परिवहन केंद्र यानी मेट्रो स्टेशन या बस स्टॉप तक पैदल जाने में असुरक्षित महसूस करती हैं।
87.5 फीसदी लोग महसूस करते हैं अनसेफ
अध्ययन में पाया गया कि सर्वेक्षण में शामिल 87.5 फीसदी लोग नजदीकी मेट्रो स्टेशन या बस स्टॉप तक पैदल जाने में असुरक्षित महसूस करते हैं, जबकि 88.9 फीसदी लोग अंधेरा होने के बाद अपने नजदीकी सार्वजनिक पार्क में असुरक्षित महसूस करते हैं। तीन-चौथाई से अधिक प्रतिभागियों ने फुटपाथों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की बात कही, जबकि 60 फीसदी ने बताया कि फुटपाथ या तो टूटे हुए हैं या हैं ही नहीं।
घूरने, फब्तियां कसने और पीछा करने का डर
सीईक्यूयूआईएन के अनुसार, 1,588 महिलाओं, लड़कियों और एलजीबीटीक्यू+ समुदाय के लोगों से मिले फीडबैक पर आधारित अध्ययन में पाया गया है कि सुरक्षा संबंधी चिंताएं केवल यौन हिंसा के खतरे तक नहीं हैं, बल्कि उन परिस्थितियों से भी जुड़ी हैं जिनमें लोगों को शहर में रोजाना आवागमन करना पड़ता है। सर्वेक्षण में शामिल करीब 80 फीसद लोगों ने कहा कि पुरुषों के घूरने, फब्तियां कसने और पीछा करने के कारण उनका सफर असुरक्षित हो जाता है।
80.5 फीसदी को नहीं पता शिकायत कहां करें
‘एवरीडे जर्नीज : विमेन्स एंड गर्ल्स एक्सेस टू फुटपाथ्स एंड पब्लिक पार्क्स इन दिल्ली’ शीर्षक वाले अध्ययन में पाया गया कि 80.5 फीसदी को यह तक नहीं पता था कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कौन-सा विभाग या निकाय जिम्मेदार है। अध्ययन में पड़ताल की गई है कि बुनियादी ढांचा, सामाजिक व्यवहार और संस्थागत कमियां सार्वजनिक स्थलों तक महिलाओं की पहुंच को किस तरह प्रभावित करती हैं।
सुप्रीम कोर्ट को सौंपी सिफारिशें
लैंगिक हिंसा और महिला अधिकारों के क्षेत्र में काम करने वाले इस संगठन ने अपनी सिफारिशें अब सुप्रीम कोर्ट को सौंप दी हैं। यह सर्वे ऐसे वक्त में सामने आया है जब दिल्ली-एनसीआर में रेप और यौन उत्पीड़न के कई मामले सामने आए हैं। इनमें आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की के साथ कथित गैंगरेप का मामला भी शामिल है। सितंबर के पहले 3 हफ्ते में ऐसे कम से कम 13 मामले सामने आए थे, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने असुरक्षित सार्वजनिक स्थलों की पहचान करने और सुरक्षा उपायों को मजबूत बनाने का निर्देश दिया था। रिपोर्ट में राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो यानी एनसीआरबी के आंकड़ों का भी हवाला दिया गया है। इन आंकड़ों के अनुसार 2024 में दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 13,396 मामले दर्ज किए गए, जो देश के 19 प्रमुख महानगरों में सबसे ज्यादा थे।