दिल्ली के शाहदरा में हॉलीवुड फिल्म देखकर पति ने की पत्नी की हत्या, पुलिस ने मथुरा से किया गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Delhi News: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके में संपत्ति विवाद में एक 53 वर्षीय आईटी इंजीनियर ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी हॉलीवुड फिल्म ‘द स्टेयरकेस’ से प्रभावित था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी को मथुरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना 30 जुलाई की रात को सामने आई। दंपति का बेटा जब गगन विहार स्थित अपने घर लौटा तो उसने मां कोमल सिंह (50) को खून से लथपथ पाया। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

हॉलीवुड फिल्म देखकर रची थी हत्या की साजिश

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने हॉलीवुड फिल्म देखकर सबूत मिटाने की योजना बनाई थी। उसने तलवार से हत्या की थी, लेकिन पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतका के हाथ में कैंची रख दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल तलवार बरामद कर ली है।

मामले को सुलझाने में घर के आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज सबसे अहम सुराग साबित हुई। फुटेज से साफ हुआ कि बच्चों के जाने के बाद घर में केवल आरोपी और पीड़िता मौजूद थे। एक फुटेज में पीड़िता की चीखें और आरोपी के बाहर निकलने के दृश्य दर्ज पाए गए।

नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी

पूर्वी दिल्ली के संयुक्त पुलिस आयुक्त अजित कुमार सिंगला ने बताया कि आरोपी ने बैंक से करीब 7 लाख रुपये निकाले थे। वह दिल्ली से गोरखपुर होकर नेपाल भागने की कोशिश में था। हालांकि, बाद में उसने अपना रास्ता बदलकर मथुरा का रुख किया, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपी के पास से 12.75 लाख रुपये नकद जब्त किए। पूछताछ में आरोपी ने माना कि वह जांच भटकाने के लिए फर्जी सुराग छोड़ रहा था। आरोपी पहले एक कंपनी में आईटी इंजीनियर था, जबकि उसका बेटा डॉक्टर और बेटी जर्मन शिक्षक है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News