Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा सदर थाना क्षेत्र में कॉलेज जा रही एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ और हाथापाई का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी ने विरोध करने पर युवती को सड़क से नीचे फेंक दिया, जिससे वह चोटिल हो गई। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजाना की तरह शनिवार को कॉलेज जा रही थी। रास्ते में मसरूंड निवासी नवीन कुमार ने अचानक उसे रोक लिया और अश्लील हरकतें करने लगा। छात्रा ने जब इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी बदतमीजी पर उतर आया और उसने गलत नीयत से युवती को पकड़ लिया।
विरोध करने पर नीचे फेंका, पहले भी करता था पीछा
खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाने के प्रयास में संघर्ष के दौरान आरोपी ने पीड़िता को धक्का देकर सड़क से नीचे गिरा दिया। इस हमले के कारण छात्रा के पैरों और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत एक नजदीकी निजी क्लीनिक में जाकर अपना प्राथमिक उपचार करवाया।
छात्रा ने खुलासा किया कि आरोपी युवक काफी समय से उसका पीछा कर रहा था और परेशान करता था, लेकिन डर की वजह से उसने पहले शिकायत नहीं दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 115(2) और 74 के तहत केस दर्ज किया है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है।