Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधर उपमंडल अंतर्गत गवाली में एक रेस्टोरेंट में हुए विवाद के बाद 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रोपा निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार अजय शनिवार को हिमरीगंगा मेला देखने गया था। वहां से लौटकर वह गवाली में अपनी बुआ के घर रुका था। इसी मकान की ऊपरी मंजिल पर किराए पर रेस्टोरेंट चलता है। देर रात अजय बुआ के लड़के के साथ ऊपर गया, जहां उसका तीन युवकों के साथ तीखा झगड़ा हो गया था।
अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम, आरएफएसएल ने जुटाए साक्ष्य
विवाद के बाद रात में अचानक अजय की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पधर ले गए, जहां से उसे जोनल अस्पताल मंडी रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान 6 सितंबर को अजय ने दम तोड़ दिया। आरएफएसएल टीम ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
मृतक के पिता शेर सिंह ने पुलिस को बताया कि साहिल, नवीन और आदित्य ठाकुर ने अजय के साथ मारपीट की थी। परिजनों का आरोप है कि अंदरूनी चोटों के कारण अजय की मौत हुई। हालांकि शुरुआती जांच में बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। थाना प्रभारी अनिल कुमार के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।