बिलासपुर कोर्ट से पहली मंजिल से कूदकर भागा चिट्टा तस्कर, पुलिस ने डेढ़ घंटे बाद गंदे नाले से दबोचा

Share

- Advertisement -

Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला अदालत परिसर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चिट्टा तस्करी का एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर पहली मंजिल से कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत शहर की नाकाबंदी कर तलाश शुरू की और करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी को बस स्टैंड के पास एक गंदे नाले से पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान 32 वर्षीय चंद्रवीर निवासी कुल्लू के रूप में हुई है। उसे सोमवार शाम को कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरा क्षेत्र में एक लग्जरी बस की तलाशी के दौरान 12.58 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। मंगलवार को पुलिस टीम उसे नियमित रिमांड और पेशी के लिए अदालत लेकर पहुंची थी।

उल्टी का बहाना बनाकर पहली मंजिल से लगाई छलांग

अदालत में पेशी के लिए बुलाए जाने के दौरान आरोपी ने उल्टी आने का नाटक किया और मुंह पर हाथ रख लिया। पुलिसकर्मी जब उसे बाथरूम की तरफ ले जाने लगे, तभी उसने मौका पाकर पहली मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। आरोपी तेजी से भागते हुए पास के बस स्टैंड की ओर निकल गया।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान तेज किया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि एक युवक नाले की तरफ कूदा है। पुलिस ने नाले में छिपे आरोपी को दबोच लिया। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News