Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के चौक बाजार में एक कॉस्मेटिक दुकान पर मां की गोद में बैठी आठ महीने की बच्ची के गले से सोने की हाय चोरी होने का मामला सामने आया है। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के व्यस्त चौक बाजार में चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बाजार की एक कॉस्मेटिक दुकान में अपनी मां की गोद में बैठी आठ महीने की मासूम बच्ची के गले से एक अज्ञात युवक सोने की हाय काटकर फरार हो गया। भीड़भाड़ के बीच हुई इस वारदात से बाजार में हड़कंप मच गया है।
भीड़ का फायदा उठाकर काटा हाय का धागा
घटना के समय कॉस्मेटिक दुकान में ग्राहकों की सामान्य आवाजाही थी। इसी दौरान एक युवक की नजर मां की गोद में बैठी बच्ची के गले में मौजूद सोने की हाय पर पड़ी। भीड़ और हलचल का फायदा उठाते हुए युवक ने चालाकी से हाय में बंधा धागा काट दिया और आभूषण लेकर चुपके से वहां से निकल गया। वारदात इतनी तेजी से की गई कि मौके पर मौजूद परिजनों व अन्य लोगों को तुरंत इसका अहसास नहीं हो सका। कुछ समय बाद जब बच्ची के गले से आभूषण गायब दिखा, तब परिजनों को चोरी का पता चला।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई, जिसमें आरोपी युवक की यह हरकत रिकॉर्ड पाई गई है। पुलिस अब फुटेज के जरिए युवक की पहचान करने और उसके आने-जाने वाले रास्तों का सुराग लगाने में जुट गई है। कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोतवाली थाना प्रभारी अल्पना सिंह ने बताया कि आठ महीने की बच्ची के गले से सोने की हाय चोरी होने की शिकायत मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है ताकि संदिग्ध की शिनाख्त कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस घटना के बाद भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।