भागलपुर ट्रिपल मर्डर केस: तीन मासूम बच्चों को शौचालय की टंकी में फेंकने वाली मां दोषी करार, पति बाइज्जत बरी

Share

- Advertisement -

Bhagalpur News: भागलपुर की अदालत ने अपने ही तीन मासूम बच्चों की शौचालय की टंकी में फेंककर हत्या करने के मामले में आरोपित मां प्रेमलता कुमारी को दोषी करार दिया है। वहीं, साक्ष्यों के अभाव में अदालत ने इसी मामले में सह-आरोपित बनाए गए उसके पति देवेश कुमार रंजन को बाइज्जत बरी कर दिया है। अदालत दोषी महिला को सजा की अवधि तय करने के लिए अगली तिथि पर फैसला सुनाएगी।

भागलपुर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश-16 संदीप सिंह की अदालत ने शुक्रवार को बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड की सुनवाई करते हुए आरोपित मां प्रेमलता कुमारी को बच्चों की हत्या का दोषी ठहराया। मामले में सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक प्रफुल्ल चंद्र राही ने बहस में भाग लिया।

न्यायालय ने मामले की सुनवाई पूरी करते हुए दोषी मां की सजा के निर्धारण के लिए अगली तिथि मुकर्रर की है। वहीं, विचारण के दौरान पति देवेश कुमार रंजन के खिलाफ घटना में शामिल होने का कोई प्रत्यक्ष अथवा परिस्थितिजन्य साक्ष्य न मिलने पर अदालत ने उसे सभी आरोपों से दोषमुक्त कर दिया।

पारिवारिक विवाद के बाद 5 जनवरी 2019 को हुई थी दिल दहला देने वाली वारदात

घटना बाथ थाना क्षेत्र के करहरिया गांव से जुड़ी है। अभियोजन के अनुसार, 4 जनवरी 2019 को पति देवेश कुमार रंजन और पत्नी प्रेमलता कुमारी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों के समझाने-बुझाने के बाद मामला उस वक्त शांत हो गया था, लेकिन अगली सुबह 5 जनवरी को घर में सन्नाटा पसरा मिला।

वारदात का खुलासा तब हुआ जब प्रेमलता की सास सरोज सिन्हा सुबह रसोई में पहुंचीं और उन्होंने देखा कि बच्चों के लिए रखा दूध गर्म नहीं किया गया है। बच्चों और बहू का हाल जानने जब वह कमरे में पहुंचीं, तो प्रेमलता भीगे कपड़ों में कांपती हुई बैठी थी और बिना कुछ बोले केवल हाथ के इशारे से आंगन में बनी शौचालय की टंकी की ओर संकेत कर रही थी।

टंकी से मिले थे तीनों बच्चों के शव, पति को मिला साक्ष्य का अभाव

अनहोनी की आशंका में परिजनों ने जब शौचालय की टंकी का ढक्कन खोलकर देखा, तो अंदर तीनों बच्चों के शव पड़े थे। इस वीभत्स दृश्य के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मां प्रेमलता के साथ-साथ पति देवेश को भी संदेह के आधार पर आरोपित बनाया था। हालांकि, अदालत में चली लंबी सुनवाई के दौरान पति के खिलाफ कोई पुख्ता सबूत पेश नहीं किया जा सका, जिसके बाद न्यायालय ने पति को बाइज्जत बरी करते हुए मां को तीनों बच्चों की हत्या का मुख्य दोषी पाया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News