जंतर-मंतर से लौट रहे बरेली के छात्रों से मारपीट का वीडियो वायरल, आरोपी सत्यम पंडित पर उठे सवाल

Share

- Advertisement -

Bareilly News: दिल्ली के जंतर-मंतर से लौट रहे बरेली के दो छात्रों के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ चुका है. दबंगों ने छात्रों को घेरकर पीटा और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है और पीड़ित ने आपबीती बताई है.

इस मामले में आरोपी सत्यम पंडित गाजियाबाद का निवासी है. वह खुद को ‘राष्ट्रीय हिंदू वीर सेना’ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताता है और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहता है. उसने वीडियो शेयर करते हुए विवादित टिप्पणी लिखी थी. आरोपी सत्यम पंडित पर 2024 में भी भड़काऊ बयान देने के गंभीर आरोप लगे थे.

दिल्ली के गुरुद्वारे से निकलते ही छात्रों को दबंगों ने घेरा

बरेली के 16 वर्षीय छात्र आयुष रंजन अपने साथी के साथ 23 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने आए थे. रात में गुरुद्वारे में रुकने के बाद सुबह जब वे घर लौटने लगे, तभी दबंगों ने उन्हें रोक लिया. हमलावरों ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि वीडियो बनाकर इंटरनेट पर भी अपलोड कर दिया.

पीड़ित छात्र आयुष ने रोते हुए मीडिया को बताया कि सुबह करीब 5 बजे गुरुद्वारे से निकलते ही सत्यम पंडित और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया. आरोपी के साथ ड्राइवर, कैमरामैन और कुछ अन्य लोग थे. आरोपियों ने गला पकड़कर थप्पड़ मारे, गालियां दीं और प्रदर्शन में शामिल होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी.

अखिलेश यादव ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की

वीडियो सामने आते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हमलावरों को तुरंत जेल भेजने की मांग की. उन्होंने सत्ता के संरक्षण में गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. उनके बयान के बाद अन्य विपक्षी नेताओं और आम लोगों ने भी इस घटना का कड़ा विरोध किया है.

इस घटना के बाद से पीड़ित छात्र और उसका पूरा परिवार बेहद डरा हुआ है. बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र मानसिक रूप से काफी टूट चुका है. वह केवल अपनी मांग रखने दिल्ली गया था. पीड़ित परिवार ने पुलिस और प्रशासन से आरोपी सत्यम पंडित और उसके साथियों को कड़ी सजा दिलाने की गुहार लगाई है.

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News