बालाघाट में सड़क हादसे के बाद पुलिस पर हमला, 20 से ज्यादा लोगों ने पीटा; 3 जवान घायल

Share

- Advertisement -

Balaghat News: बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 11 बजे अचानकपुर और कचनारी के बीच हुए सड़क हादसे के बाद हालात बिगड़ गए, जब भीड़ ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें आरक्षक तोमेश बघेले को बिरसा अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

घटना बुधवार रात करीब 11 बजे अचानकपुर और कचनारी के बीच हुई। छत्तीसगढ़ के साल्हेवारा निवासी 26 वर्षीय ठुमेंद्र पिता रामचंद्र पांचे अपने बेटे के नामकरण समारोह का निमंत्रण कार्ड देने अचानकपुर आए थे। वापस लौटते समय उनकी बाइक सड़क पर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में ठुमेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

क्लीनर को पीट रही थी भीड़, पुलिस ने छुड़ाया

घटनास्थल के पास ही एक गांव में मड़ई-मेला चल रहा था। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर कुछ लोग मौके पर पहुंचे और सालेटेकरी पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची, तब भीड़ ट्रक के क्लीनर की पिटाई कर रही थी। पुलिस ने हस्तक्षेप कर क्लीनर को लोगों से छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया।

ट्रक चालक को बुलाने की मांग पर पुलिस से भिड़े लोग

क्लीनर को बचाने के बाद भी मौके पर मौजूद लोग ट्रक चालक को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसी बात को लेकर पुलिस से बहस शुरू हो गई। लोगों ने पुलिस पर ट्रक चालक को मौके से भगाने का आरोप लगाया और गाली-गलौच करने लगे। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और भीड़ ने आरक्षक तोमेश बघेले तथा एसएसयू जवान संदीप मेरावी और पीयूष रनकुहे पर हमला कर दिया और मारपीट की।

एक आरक्षक अस्पताल में भर्ती, हमलावरों की तलाश

हमले में आरक्षक तोमेश बघेले को चोटें आई हैं, जिन्हें बिरसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसयू के दोनों जवान संदीप मेरावी और पीयूष रनकुहे भी घायल हुए हैं। नक्सल उन्मूलन अभियान में तैनात विशेष सहयोगी दस्ता (एसएसयू) के ये जवान भी चोटिल हुए हैं।

बैहर एसडीओपी चंद्रशेखर पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News