दो एकड़ में ब्राह्मी और मंडूकपर्णी की खेती से चमके अमरोहा के किसान अमित, साल में तीन बार कटाई

Share

- Advertisement -

Amroha News: अमरोहा के किसान अमित कुमार दो एकड़ में ब्राह्मी और मंडूकपर्णी जैसी औषधीय फसलों की खेती कर रहे हैं। वे वैज्ञानिक तरीकों और जैविक खाद का उपयोग कर साल में तीन बार फसल उगाकर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं। पतंजलि सहित अन्य औषधीय कंपनियां उनका उत्पाद खरीद रही हैं।

परंपरागत खेती से हटकर यदि किसान नई तकनीक और संभावनाओं को अपनाएं तो कम जमीन में भी अच्छी आमदनी हासिल की जा सकती है। इसकी मिसाल हसनपुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत गंगेश्वरी के मझरा फूलपुर निवासी ग्रेजुएट किसान अमित कुमार पेश कर रहे हैं।

उन्होंने मंडूकपर्णी और ब्राह्मी जैसी औषधीय फसलों की खेती को अपनी आमदनी का जरिया बनाया है। वैज्ञानिक तरीके से की जा रही इस खेती से वह अच्छी कमाई कर रहे हैं और क्षेत्र के दूसरे किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बने हैं।

अमित कुमार ने तीन वर्ष पहले वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर), लखनऊ से औषधीय खेती का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने मंडूकपर्णी और ब्राह्मी की खेती की बारीकियां समझीं।

इसके बाद उन्होंने दो एकड़ कृषि भूमि में औषधीय फसलों की खेती शुरू कर दी। शुरुआत में नई फसल होने के कारण कई तरह की जानकारियां जुटानी पड़ीं, लेकिन धीरे-धीरे अनुभव बढ़ने के साथ खेती के परिणाम भी बेहतर सामने आने लगे।

खास बात यह है कि मंडूकपर्णी और ब्राह्मी की फसल साल में तीन बार तैयार हो जाती है। उन्होंने बताया कि एक एकड़ भूमि में करीब 15 क्विंटल तक सूखी फसल प्राप्त हो जाती है। तैयार सूखी फसल बाजार में 100 से 120 रुपये प्रति किलो तक बिक जाती है। इस तरह उत्पादन और बाजार भाव के अनुसार किसानों को अच्छी आमदनी प्राप्त हो जाती है।

पतंजलि सहित अन्य औषधीय कंपनियां भी उनके उत्पाद खरीद रही हैं, जिससे फसल की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध हो रहा है। उल्लेखनीय है कि मंडूकपर्णी और ब्राह्मी औषधि का प्रयोग स्मरण शक्ति (याददाश्त) बढ़ाने की दवाइयों में किया जाता है।

बगैर किसी उर्वरक के तैयार कर रहे औषधीय फसल

अमित द्वारा की जा रही खेती की सबसे बड़ी विशेषता इसका प्राकृतिक तरीका है। वह फसल तैयार करने में किसी भी प्रकार के रसायनिक उर्वरक का इस्तेमाल नहीं करते। खेत में केवल गोबर की कूड़ी का देसी खाद का प्रयोग कर रहे हैं।

उनका मानना है कि जैविक खाद के इस्तेमाल से फसल की गुणवत्ता बेहतर बनी रहती है। औषधीय फसलों की खेती में गुणवत्ता का विशेष महत्व होता है, इसलिए वह उत्पादन के साथ उसकी शुद्धता पर भी ध्यान देते हैं।

परंपरागत खेती तक सीमित न रहें किसान

अमित कुमार का कहना है कि किसानों को केवल परंपरागत फसलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बाजार की मांग और खेती की संभावनाओं को समझकर औषधीय पौधों की खेती भी अपनानी चाहिए। जिससे किसानों को आय के नए विकल्प मिल सकते हैं। वह अपने अनुभव के आधार पर क्षेत्र के अन्य किसानों को भी मंडूकपर्णी और ब्राह्मी की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News