Prayagraj News: प्रयागराज के प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय ने विभिन्न विभागों में 187 पदों पर संविदा के आधार पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। इनमें प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के 186 पदों के साथ शोधपीठ में सहायक निदेशक का एक पद शामिल है। इच्छुक अभ्यर्थी 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
कुल 187 पदों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 130, एसोसिएट प्रोफेसर के 34 और प्रोफेसर के 22 पद हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों में शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा 24 पद हैं। विधि विभाग में 10, फार्मेसी और शारीरिक शिक्षा विभाग में नौ-नौ पद हैं। गणित, जंतु विज्ञान, पादप रोग विज्ञान, बागवानी, मृदा विज्ञान, योग, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और कंप्यूटर साइंस में चार-चार पदों पर भर्ती होगी। विषयवार पदों की पूरी संख्या विस्तृत नोटिफिकेशन में दी गई है।
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए योग्यता
सामान्य विषयों (कला, विज्ञान, वाणिज्य, विधि, कृषि आदि) के लिए संबंधित या सम्बद्ध विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर डिग्री जरूरी है। एससी, एसटी, ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर और दिव्यांग अभ्यर्थियों को इसमें 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। साथ ही यूजीसी या सीएसआईआर की ओर से आयोजित NET अथवा SLET/SET परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। यूजीसी विनियम 2009 या 2016 के मानकों के तहत पीएचडी उपाधि धारकों को NET/SLET/SET से छूट मिलेगी। विश्व रैंकिंग में शीर्ष 500 में शामिल विदेशी संस्थान से पीएचडी करने वाले अभ्यर्थी भी इस छूट के दायरे में आएंगे।
एक-एक वर्ष के लिए बढ़ेगा कॉन्ट्रेक्ट
चयनित अभ्यर्थियों की शुरुआती नियुक्ति एक वर्ष के लिए की जाएगी। संतोषजनक कार्य प्रदर्शन और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी मिलने पर कार्यकाल एक-एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकेगा। संविदा की कुल अवधि अधिकतम पांच वर्ष होगी।
कितना मिलेगा मानदेय
प्रोफेसर को प्रतिमाह एक लाख रुपये, एसोसिएट प्रोफेसर को 80 हजार रुपये और असिस्टेंट प्रोफेसर व सहायक निदेशक को 57,700 रुपये निश्चित मानदेय मिलेगा।
चयन की प्रक्रिया
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसमें विषय ज्ञान की 40 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा होगी। इसके बाद शैक्षणिक और शोध उपलब्धियों के आधार पर मेरिट तैयार कर अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। चयन के अंतिम चरण में शिक्षण कौशल का 20 अंकों का मूल्यांकन और 10 अंकों का साक्षात्कार होगा।