Solan News: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में अवैध और प्रतिबंधित दवाओं के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस और दवा नियंत्रण विभाग की संयुक्त कार्रवाई जारी है। 26 अगस्त को दर्ज एनडीपीएस मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए टीम ने गांव बिल्लांवली स्थित एएस केमिकल के दूसरे गोदाम पर छापा मारकर 26,40,000 फेरैोक्योर टैबलेट बरामद की हैं।
बरामद दवाएं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं नियमों के दायरे में आती हैं। जांच में सामने आया कि राज्य दवा नियंत्रक कार्यालय की तरफ से इस गोदाम के लिए कोई वैध लाइसेंस जारी नहीं किया गया था। यद्यपि ये दवाएं नशीली श्रेणी में नहीं आतीं, लेकिन बिना अनुमति भंडारण पाए जाने पर ड्रग विभाग अलग से कानूनी कार्रवाई कर रहा है।
26 अगस्त को भारी मात्रा में मिली थीं नशीली दवाएं
इससे पहले 26 अगस्त को इसी फर्म के पहले गोदाम से भारी मात्रा में नशीली और प्रतिबंधित दवाएं पकड़ी गई थीं। उस समय 55,650 क्लोनाजेपाम, 3,05,518 अल्प्राजोलाम और 3,100 ट्रामाडोल गोलियों सहित 43 किलोग्राम से अधिक कच्चा पाउडर बरामद हुआ था। इसके साथ ही प्रिंटेड फॉयल और कफ सिरप की बोतलें भी जब्त की गई थीं।
अमेठी निवासी आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
मामले में गोदाम मालिक अंकित कौशल निवासी अमेठी (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान और राज्य दवा नियंत्रक डॉ. मनीष कपूर ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशीली दवाओं का अवैध नेटवर्क बर्दाश्त नहीं होगा और संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
औद्योगिक क्षेत्र में लगातार जारी है सघन जांच अभियान
बद्दी क्षेत्र में बीते कुछ महीनों से अवैध दवाओं के विरुद्ध लगातार बड़ी बरामदगियां हो रही हैं। मई से लेकर सितंबर तक कई परिसरों पर की गई छापेमारी के दौरान लाखों की संख्या में बिना लाइसेंस और प्रतिबंधित गोलियां पकड़ी जा चुकी हैं। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां पूरे सिंडिकेट को खत्म करने के लिए गहन पड़ताल में जुटी हैं।