Baddi News: हिमाचल प्रदेश के बद्दी में पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम ने नशे के तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बरोटीवाला टोल बैरियर के पास तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक मुख्य आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए हेरोइन निगल ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से कार में नशीले पदार्थों की खेप लाई जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने बरोटीवाला टोल बैरियर पर सख्त नाकाबंदी की। जब हरियाणा नंबर (HR-05AH-9078) की संदिग्ध गाड़ी आई, तो चालक ने रुकने के बजाय पुलिस नाका तोड़ दिया और गाड़ी भगा ली।
तेज रफ्तार गाड़ी थोड़ी दूर जाकर सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गाड़ी का दरवाजा खुलवाया। खुद को घिरता देख चालक ने पास रखी हेरोइन निगल ली। तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत सिविल अस्पताल बद्दी पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नालागढ़ के गोयला पन्नर निवासी विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने कार में मौजूद तीन अन्य युवकों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बरोटीवाला निवासी विक्रम सिंह और बग्गूवाला निवासी गौरव कुमार व आशीष मेहता के तौर पर हुई है।
घटना के तुरंत बाद एफएसएल (FSL) टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान कार से 9.02 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), चार पुड़ियां, एक डिजिटल वजन मशीन, एक खंजर और कई मोबाइल मिले। पुलिस ने बरोटीवाला थाने में केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।