Ashoknagar News: अशोक नगर में शनिवार को एक बंद कमरे से मां और बेटे के शव बरामद हुए हैं। मृतकों की पहचान 52 वर्षीय जयजी देशमुख और 25 वर्षीय हंसमुख देशमुख के रूप में हुई है। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट और कीटनाशक की बोतल मिली है, जिसमें बेटे की गंभीर बीमारी और अकेलेपन का जिक्र किया गया है।
मध्य प्रदेश के अशोक नगर में एक किराए के मकान से मां और बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान मूल रूप से पुणे (महाराष्ट्र) निवासी 52 वर्षीय जयजी देशमुख और उनके 25 वर्षीय पुत्र हंसमुख देशमुख के रूप में की गई है। दोनों पिछले करीब चार वर्षों से यहां किराए पर रह रहे थे।
मकान से तेज बदबू आने पर मकान मालिक ने शनिवार को पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जब बंद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तो बेटे का शव बिस्तर पर और मां का शव जमीन पर औंधे मुंह पड़ा मिला।
बेटे की बीमारी और अकेलेपन से थीं परेशान
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट और कीटनाशक की बोतल बरामद हुई है। सुसाइड नोट में महिला ने उल्लेख किया है कि वह अपने बेटे की लंबी बीमारी और पति की मौत के बाद अकेलेपन से बेहद परेशान थीं। बेटे के भविष्य और स्वास्थ्य की चिंता के चलते उन्होंने अपनी मर्जी से बेटे के साथ जान देने का कदम उठाया।
महिला ने नोट में अपनी संपत्ति और सोने-चांदी के जेवर किसी गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) को दान करने की इच्छा भी व्यक्त की है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और मौत की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
कमरे से साक्ष्य जुटाए, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 25 वर्षीय हंसमुख पिछले दो वर्षों से पेट संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित था और अस्पताल में उसका नियमित इलाज चल रहा था। मां पूरी तरह से उसकी देखभाल में लगी रहती थी और बीमारी के कारण उसे बाहर भी नहीं जाने देती थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।