New York News: साल 2021 में जूम कॉल पर 900 कर्मचारियों को एक झटके में निकालने वाले भारतीय-अमेरिकी उद्यमी विशाल गर्ग को उनकी ही कंपनी से निकाल दिया गया है। ‘बेटर होम एंड फाइनेंस’ के बोर्ड ने उन्हें चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) के पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।
कंपनी के निदेशक मंडल ने अगस्त की शुरुआत में यह कड़ा फैसला लिया। बोर्ड के अनुसार विशाल गर्ग को छोड़कर बाकी सभी निदेशकों ने उन्हें पद से हटाने के पक्ष में सर्वसम्मति से वोट दिया। उनके नेतृत्व शैली, स्वभाव और साख को लेकर उठ रहे सवालों के बाद यह कार्रवाई की गई।
कंपनी को हुआ भारी वित्तीय नुकसान
साल 2022 से अब तक कंपनी को 1.5 अरब डॉलर से अधिक का भारी नुकसान उठाना पड़ा है। दिसंबर 2021 में गर्ग ने तीन मिनट की जूम कॉल पर 900 से अधिक कर्मचारियों को बिना पूर्व सूचना के नौकरी से हटा दिया था। उस घटना के बाद कंपनी की छवि और बिजनेस को भारी नुकसान पहुंचा था।
नए सीईओ डैनियल लुईस पर लगाए आरोप
हंगामे के बाद गर्ग कुछ समय के लिए छुट्टी पर चले गए थे और बाद में सीईओ पद पर लौटे थे। अब उनकी जगह डैनियल लुईस को नया सीईओ बनाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विशाल गर्ग ने नए सीईओ पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ विश्वासघात किया गया है।