New Delhi News: टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की जुलाई बिक्री रिपोर्ट में बड़ा अंतर सामने आया है। कंपनी की वेबसाइट पर घरेलू बिक्री 17,456 यूनिट दर्ज है, जबकि प्रेस विज्ञप्ति में 30,516 वाहन बेचने का दावा किया गया। लगभग 13,060 वाहनों के इस भारी अंतर ने कंपनी के रिपोर्टिंग सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस यानी फाडा के वाहन रजिस्ट्रेशन आंकड़ों ने इस मामले को और उलझा दिया है। फाडा के मुताबिक, जुलाई में देश भर में कुल 29,443 टोयोटा गाड़ियां रजिस्टर हुईं। यह संख्या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज 17,456 वाहनों के आंकड़े से काफी अधिक है।
लगातार मजबूत बिक्री के बाद जुलाई के आंकड़े ने चौंकाया
कंपनी ने अप्रैल में 30,105, मई में 30,227 और जून में 28,332 वाहन बेचे थे। लगातार मजबूत आंकड़ों के बाद जुलाई में बिक्री अचानक गिरकर 17,456 पर आना बेहद चौंकाने वाला है। इसके बाद अगस्त में यह संख्या फिर सुधरकर 23,543 यूनिट दर्ज की गई।
मासिक बिक्री रिपोर्ट में कंपनी ने जुलाई बिक्री 30,516 वाहन बताई है। इस बड़े अंतर पर सीधा स्पष्टीकरण देने के बजाय टोयोटा ने कहा कि उसके आंकड़े ग्राहक-केंद्रित बिक्री प्रणाली और डीलर नेटवर्क की कार्यकुशलता पर आधारित हैं। हालांकि विश्लेषक इस जवाब से पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिख रहे हैं।
गाड़ियों के उत्पादन आंकड़ों में भी सामने आया बड़ा फेरबदल
बिक्री के अलावा उत्पादन के आंकड़ों में भी भारी गड़बड़ी देखने को मिली है। टोयोटा ने जुलाई में 36,797 वाहन बनाने का दावा किया, जबकि ऑटोमोबाइल संगठन सियाम के अनुसार उत्पादन 34,851 यूनिट रहा। अलग-अलग स्रोतों के इन परस्पर विरोधी आंकड़ों ने ऑटो बाजार के जानकारों को असमंजस में डाल दिया है।