New Delhi News: सरकार ने बुधवार को संसद में बताया कि वर्ष 2025 में नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन पर सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज कराने वाली शीर्ष दस ई-कॉमर्स कंपनियों में फ्लिपकार्ट, अमेजन और मीशो शामिल हैं। यह जानकारी लोकसभा में एक सवाल के जवाब में दी गई।
जानिए किन-किन बड़ी कंपनियों के नाम हैं सूची में शामिल
उपभोक्ता मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बताया कि इस सूची में मिंत्रा, नेटमेड्स, जेप्टो, ब्लिंकिट, नापतोल, वीएलई बाजार और नायका भी शामिल हैं। सबसे अधिक 1.33 लाख शिकायतें फ्लिपकार्ट के खिलाफ दर्ज की गईं, जबकि अमेजन 91,248 शिकायतों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
आंकड़ों के अनुसार मीशो के खिलाफ 29,284, मिंत्रा के खिलाफ 25,384 और जेप्टो-ब्लिंकिट जैसी क्विक-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ भी हजारों शिकायतें मिलीं। मंत्री ने बताया कि केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने 47 ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर कुल 1.12 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है।
ग्राहकों को वापस दिलाए गए 91 करोड़ रुपये
एनसीएच ने 25 अप्रैल 2025 से 30 जून 2026 के बीच उपभोक्ताओं को 91 करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड दिलाया। इसमें से 63 करोड़ रुपये से अधिक की राशि केवल ई-कॉमर्स क्षेत्र की शिकायतों से संबंधित थी, जिसका समाधान बिना कोर्ट गए ही किया गया।
साल 2025 में क्विक-कॉमर्स से जुड़ी कुल 5.11 लाख शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका समाधान कर दिया गया। उत्पादों की डिलीवरी न होना शिकायतों का सबसे बड़ा कारण रहा। इसके अलावा गलत सामान, खराब प्रोडक्ट, रिफंड न मिलना और फर्जी प्रॉडक्ट्स जैसी समस्याएं प्रमुख थीं।