Sonbhadra News: सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने राबर्ट्सगंज तहसील के ग्राम बिच्छी में स्वयं खेत में उतरकर हंसिया से धान की कटाई की और क्रॉप कटिंग प्रक्रिया के तहत उत्पादन का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से पर्यावरण संरक्षण के लिए पराली न जलाने और गौ आश्रय स्थलों में स्वेच्छा से चारा दान करने की अपील की।
किसानों के परिश्रम और खेती-किसानी से जुड़ाव का संदेश देते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ बुधवार को स्वयं खेत में उतरे। उन्होंने राबर्ट्सगंज तहसील के राजस्व ग्राम बिच्छी स्थित किसान राजू कुमार मौर्य के खेत में हंसिया चलाकर धान की फसल की कटाई की और क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया को करीब से समझा।
43.3 वर्ग मीटर में निकला 21.880 किलोग्राम धान
क्रॉप कटिंग प्रयोग के तहत फसल की उत्पादकता का आकलन करने के लिए खेत में 0.0043 हेक्टेयर (43.3 वर्ग मीटर) क्षेत्रफल का चयन किया गया था। इस चयनित हिस्से में जिलाधिकारी और किसान द्वारा धान की कटाई करने के बाद उपज का वजन कराया गया। तौल में कुल 21.880 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर क्षेत्र में धान की औसत उत्पादकता की गणना की गई।
पराली न जलाने और चारा दान करने की अपील
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिले के सभी किसानों से अपील की कि वे फसल कटाई के बाद खेतों में पराली न जलाएं। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु की गुणवत्ता खराब होती है, पर्यावरण प्रदूषित होता है और मिट्टी की उर्वरा शक्ति को भी भारी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने किसानों को पराली प्रबंधन के उचित विकल्प अपनाने की सलाह देते हुए स्पष्ट किया कि पराली जलाते हुए पाए जाने पर शासन के नियमों के तहत जुर्माना लगाने का भी प्रावधान है।
इसके साथ ही, डीएम ने सक्षम किसानों से आग्रह किया कि यदि उनके पास आवश्यकता से अधिक कृषि उत्पादन, चारा या अनाज उपलब्ध है, तो वे जिले में संचालित गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के लिए स्वेच्छा से चारा और अनाज दान करें।
मौके पर मौजूद रहे अधिकारी
क्रॉप कटिंग की इस प्रक्रिया के दौरान तहसीलदार सदर राहुल सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक अमरनाथ पाठक, अपर सांख्यिकी अधिकारी संतोष कुमार मौर्य, क्षेत्रीय लेखपाल सुबोध कुमार सिंह और संज्जन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।