मणि लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत के बाद जेल से रिहा हुए आजम खान, समर्थकों में उत्साह

Share

- Advertisement -

Ghaziabad News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान 18 नवंबर की शाम गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए। इलाहाबाद हाईकोर्ट से मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत मिलने और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें जेल से बाहर जाने की अनुमति मिली। रिहाई के बाद वे रामपुर के लिए रवाना हुए।

    समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान 18 नवंबर की शाम गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आ गए। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई का परवाना जेल प्रशासन को प्राप्त हुआ। आवश्यक दस्तावेजों की जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें रिहा किया गया।

    जेल से बाहर निकलने के बाद आजम खान काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर रामपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा कि उनमें सहने की बहुत क्षमता है। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “मेरा वही कहना है, जो मैंने हमेशा कहा है। शिक्षा का मंदिर एक मुसलमान ने बनाया है, यह उसकी सजा है।”

    जेल के बाहर समर्थकों की भीड़ और परिजनों की प्रतिक्रिया

    आजम खान की रिहाई की खबर मिलते ही जेल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक जमा हो गए। जैसे ही वे गाड़ी से बाहर निकले, समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और ‘आजम खां जिंदाबाद’ के नारे लगाए। इस दौरान समर्थकों में उनसे हाथ मिलाने की होड़ देखी गई।

    उनके बेटे अब्दुल्ला आजम भी उन्हें लेने के लिए जेल पहुंचे थे। वहीं, दूसरे बेटे अदीब आजम ने रिहाई पर खुशी जताते हुए कहा कि यह दिन परिवार और सभी शुभचिंतकों के लिए ईद जैसा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों अदालतों ने अपनी संवैधानिक शक्तियों और न्यायिक अधिकारों का महत्व साबित किया है। उन्होंने कहा, “हम अपराधी नहीं हैं।”

    जमानत की शर्तें और कानूनी प्रक्रिया

    इससे पहले आजम खान के वकील मोहम्मद यासीर अब्बासी ने जानकारी दी थी कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जमानत की शर्तें तय कराने के लिए निचली अदालत में अर्जी दाखिल की गई थी। अदालत ने प्रत्येक जमानतदार के लिए 50 हजार रुपये की जमानत राशि निर्धारित की है।

    वकील के अनुसार, आजम खान के मेडिकल इतिहास और मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए जमानतदारों के सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान ही रिहाई की मांग की गई थी। अदालत ने इस मांग को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने पर उनकी रिहाई संभव हो सकी।

    अखिलेश यादव और सपा नेताओं ने बताया सत्य की जीत

    करीब आठ वर्षों से कानूनी कार्यवाही और जेल का सामना कर रहे आजम खान की रिहाई पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इसे न्याय की जीत करार दिया है। गोरखपुर में पीडीए रथयात्रा के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “सत्य की जीत हुई है, हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्हें आगे भी न्याय मिलेगा।”

    सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि पिछले आठ वर्षों से आजम खान और उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और सरकार ने अन्याय की सभी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट से जमानत मिलने के अगले ही दिन सरकार राहत रोकने के लिए अदालत पहुंच गई थी, लेकिन न्यायपालिका का रुख सराहनीय रहा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दो-तीन महीनों में प्रदेश की जनता सरकार को जवाब देगी।

    सपा के जिला अध्यक्ष फैजल हुसैन ने भी रिहाई पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान में विश्वास रखने वाले लोगों की दुआओं और न्यायपालिका के फैसले से आजम खान जेल से बाहर आए हैं।

    Read more

    Related News