Delhi News: शुरुआती कारोबार में सोमवार को रुपया 31 पैसे मजबूत होकर 95.12 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से घरेलू मुद्रा को बड़ा सहारा मिला है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर हमले को टालने के फैसले से डॉलर कमजोर हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार विदेशी निवेशकों के निवेश और आरबीआई के समर्थन से भी स्थानीय मुद्रा को बल मिला है।
डॉलर के मुकाबले 95.15 पर खुला था रुपया
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.15 प्रति डॉलर पर खुला था। इसके बाद यह बढ़कर 95.12 प्रति डॉलर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 31 पैसे अधिक है। शुक्रवार को यह 95.43 पर बंद हुआ था।
दूसरी ओर छह प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.17 प्रतिशत गिरकर 99.74 पर आ गया। इससे भारतीय बाजार को और राहत मिली है।
शेयर बाजार में तेजी और ब्रेंट क्रूड में भारी गिरावट
घरेलू शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 470.06 अंक उछलकर 78,564.70 अंक पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी 150 अंक चढ़कर 24,532.95 अंक के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 5.0 प्रतिशत घटकर 83.66 डॉलर प्रति बैरल रह गया। आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को ₹277.48 करोड़ के शेयर खरीदे थे।