National News: देश की प्रमुख FMCG कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने अपने लोकप्रिय डिटर्जेंट ब्रांड्स Surf Excel, Rin और Wheel के दामों में 11 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है। अलग-अलग पैक के आधार पर कीमतों में 1 रुपये से लेकर 10 रुपये तक का इजाफा किया गया है। कच्चे माल की बढ़ती लागत और मार्जिन पर पड़ रहे दबाव के कारण कंपनी ने यह फैसला लिया है।
कच्चे माल की कीमतों में आई तेजी और मार्जिन पर बने दबाव के चलते रोजमर्रा के उपयोग में आने वाले डिटर्जेंट और साबुन महंगे हो गए हैं। हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने डिटर्जेंट पाउडर, लिक्विड और केक की कीमतों में संशोधन किया है। कंपनी की एमडी और सीईओ प्रिया नायर ने पिछले महीने संकेत दिया था कि कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए कंपनी आवश्यकतानुसार संतुलित मूल्य वृद्धि जारी रखेगी। उसी रणनीति के तहत यह बदलाव लागू किए गए हैं।
Surf Excel पाउडर और बार की नई दरें
सर्फ एक्सेल के विभिन्न पैक्स की कीमतों में 2 रुपये से लेकर 10 रुपये तक की वृद्धि की गई है:
- क्विक वॉश (1 किलो): पहले 235 रुपये था, 10 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब 245 रुपये हो गया है।
- क्विक वॉश (500 ग्राम): 123 रुपये से बढ़कर अब 128 रुपये हो गया है (5 रुपये महंगा)।
- ईजी वॉश (1 किलो): 167 रुपये से बढ़कर अब 172 रुपये कर दिया गया है (5 रुपये की वृद्धि)।
- ईजी वॉश (500 ग्राम): 85 रुपये से बढ़कर अब 87 रुपये हो गया है (2 रुपये का इजाफा)।
- Surf Excel बार (250 ग्राम): 42 रुपये से बढ़कर अब 45 रुपये हो गया है (3 रुपये की बढ़ोतरी)।
- चार बार पैक (200 ग्राम प्रत्येक): 145 रुपये से 10 रुपये बढ़कर अब 155 रुपये हो गया है।
Rin और Wheel डिटर्जेंट के नए दाम
कंपनी ने मध्यम और किफायती वर्ग में पसंद किए जाने वाले Rin और Wheel के दामों में भी बढ़ोतरी की है:
- Rin Ala (500 मिली): 90 रुपये से 5 रुपये बढ़कर अब 95 रुपये हो गया है।
- Rin पाउडर (1 किलो): 120 रुपये से बढ़कर अब 123 रुपये हो गया है।
- Rin पाउडर (500 ग्राम): 61 रुपये से 2 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 63 रुपये का मिलेगा।
- Wheel पाउडर (1 किलो): 90 रुपये से 3 रुपये महंगा होकर अब 93 रुपये हो गया है।
- Wheel पाउडर (500 ग्राम): 46 रुपये से बढ़कर अब 47 रुपये हो गया है।
इसके साथ ही कंपनी ने अपने मोती गुलाब साबुन की दरों में भी बदलाव किया है। 150 ग्राम के मोती गुलाब साबुन का दाम 74 रुपये से बढ़ाकर 82 रुपये कर दिया गया है।