राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन देशों की राजकीय यात्रा पर रवाना, मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया से मजबूत होंगे रिश्ते

Share

Delhi News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की महत्वपूर्ण यात्रा पर रवाना हो गई हैं। इस यात्रा का उद्देश्य टेक्नोलॉजी, व्यापार और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाना है। साथ ही इन देशों के बीच लोगों के आपसी संबंधों को भी मजबूती मिलेगी।

राष्ट्रपति मुर्मू की यात्रा का पहला पड़ाव सोमवार से मोल्दोवा में शुरू होने जा रहा है। किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की यह पहली मोल्दोवा यात्रा है। वे मोल्दोवा की राष्ट्रपति मैया सैंडू के साथ द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में हिस्सा लेंगी।

मोल्दोवा में बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति मुर्मू मोल्दोवा की संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसु से भी मुलाकात करेंगी। उनका मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से संवाद करने का कार्यक्रम है। वे वहां आयोजित भारत-मोल्दोवा बिजनेस फोरम को भी संबोधित करेंगी और वहां रह रहे भारतीय समुदाय से मिलेंगी।

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बयान जारी कर बताया कि दोनों देशों के बीच काफी मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। यह दौरा द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक साझेदारी के एक नए स्तर पर ले जाएगा। इससे कृषि, स्वास्थ्य सेवा, औषधि उद्योग और आईटी में सहयोग की संभावनाएं बढ़ेंगी।

उत्तर मैसेडोनिया की पहली आधिकारिक यात्रा पर मुर्मू

राष्ट्रपति मुर्मू 21 से 22 जुलाई तक उत्तर मैसेडोनिया के दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के निमंत्रण पर होने वाली यह यात्रा भी ऐतिहासिक है। किसी भारतीय राष्ट्रपति की यह पहली उत्तर मैसेडोनिया यात्रा होगी, जहां वे द्विपक्षीय वार्ता का हिस्सा बनेंगी।

वे उत्तर मैसेडोनिया के प्रधानमंत्री ह्रिस्टिजन मिकोस्की और संसद के अध्यक्ष से भी मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति वहां की संसद को संबोधित करने के साथ भारत-उत्तर मैसेडोनिया बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगी। दोनों देश साइंस, टेक्नोलॉजी और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना चाहते हैं।

यूरोप के साथ भारत की साझेदारी होगी और मजबूत

विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज ने कहा कि यह तीन देशों की यात्रा मध्य और पूर्वी यूरोप के साथ भारत के बढ़ते जुड़ाव को दर्शाती है। यह दौरा यूरोप के साथ भारत के व्यापक संबंधों और यूरोपीय संघ के साथ रणनीतिक साझेदारी को भी आगे बढ़ाता है।

रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन के निमंत्रण पर मुर्मू 23 से 25 जुलाई तक रोमानिया के दौरे पर रहेंगी। तीन दशक से भी अधिक समय के बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति का यह पहला रोमानिया दौरा है। राष्ट्रपति वहां बिजनेस फोरम और भारतीय प्रवासियों से बात करेंगी।

आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मिला है पूरा समर्थन

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, रोमानिया यूरोपीय संघ में भारत का एक बेहद अहम साझेदार है। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के पूरा होने से दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी बढ़ेगी। यह दौरा दिखाता है कि भारत इस क्षेत्र के देशों के साथ संबंधों को कितना महत्व देता है।

मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया ने पिछले साल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की थी। इन तीनों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को अपना पूर्ण और बिना शर्त समर्थन व्यक्त किया है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Local News