Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बागवानों के लिए पहली मोनोरेल सेवा शुरू हो गई है। राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने नाचन के पलोहटा क्लस्टर में 25 लाख रुपये की लागत से बने इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। इससे बागों में खाद पहुंचाने और फल लाने में समय की बचत होगी।
बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि यह बागवानी विभाग का एक पायलट प्रोजेक्ट है। इस नई व्यवस्था से बगीचों के भीतर भारी कृषि सामग्री आसानी से पहुंचाई जा सकेगी। विभाग पहले इसके काम और नतीजों की समीक्षा करेगा। यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों में भी इसे लगाया जाएगा।
एचपी शिवा प्रोजेक्ट से बदल रही सात जिलों की बागवानी
प्रदेश सरकार एचपी शिवा परियोजना के तहत करीब 1100 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इस योजना का मकसद सात जिलों में लगभग 6,000 हेक्टेयर जमीन पर बागवानी को बढ़ावा देना है। बीते दिनों आई प्राकृतिक आपदा के कारण काम धीमा हुआ था, लेकिन अब मंडी जिले में करीब 1,000 हेक्टेयर में काम तेज कर दिया गया है।
पलोहटा में जापानी फल की खेती से जुड़े 85 किसान
पलोहटा क्लस्टर में 28.44 हेक्टेयर जमीन पर जापानी फल की खास किस्म उगाई जा रही है। यहां 13,386 पौधे लगाए गए हैं, जिससे 85 स्थानीय किसान सीधे तौर पर जुड़े हैं। इस पूरे क्षेत्र में सोलर फेंसिंग, ड्रिप सिंचाई और जमीन सुधार जैसी बुनियादी सुविधाओं पर कुल 1.65 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।