लखनऊ में सरिया, मौरंग और बालू के दाम घटे, घर बनाना हुआ सस्ता; जानें नई कीमतें

Share

- Advertisement -

Lucknow News: लखनऊ में घर बनाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। भवन निर्माण में काम आने वाली सरिया, मौरंग, बालू और गिट्टी की कीमतों में गिरावट आई है। पंद्रह दिन के भीतर सरिया दो हजार रुपये प्रति टन सस्ती हो गई है। मौरंग तीन रुपये और बालू दो रुपये प्रति घन फुट सस्ती हुई है।

लखनऊ में 8 नवंबर को जो सरिया 62 हजार रुपये प्रति टन बिक रहा था, वह अब घटकर 60 हजार रुपये प्रति टन पर आ गया है। कीमतों में इस गिरावट से उन लोगों को सीधा फायदा मिल रहा है, जिन्होंने महंगाई के कारण अपना निर्माण कार्य रोक रखा था।

मौरंग, बालू और गिट्टी की नई कीमतें

मौरंग के दाम में 3 रुपये प्रति घन फुट की गिरावट हुई है, जिससे यह 68 रुपये से घटकर 65 रुपये प्रति घन फुट हो गई है। वहीं बालू 2 रुपये सस्ता होकर 32 रुपये से 30 रुपये प्रति घन फुट के स्तर पर आ गया है। गिट्टी के दाम में भी 2 रुपये प्रति घन फुट की कमी आई है और यह अब 58 रुपये प्रति घन फुट मिल रही है।

कारोबारियों का मानना है कि बाजार में आपूर्ति बढ़ने के कारण अगले 15 दिनों में दाम और नीचे आ सकते हैं।

सीमेंट और ईंट के दाम स्थिर

बाजार में सीमेंट और ईंट की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है। 50 किलो सीमेंट की बोरी 350 से 370 रुपये के बीच उपलब्ध है। लखनऊ ब्रिक क्लिन एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मुकेश मोदी के मुताबिक, ईंटों के दाम भी स्थिर बने हुए हैं और बाजार में ईंट 9 हजार रुपये प्रति हजार के भाव पर बिक रही है।

उत्तर प्रदेश सीमेंट व्यापार संघ के अध्यक्ष श्याममूर्ति गुप्ता ने बताया कि मानसून के बाद खनन कार्य पूरी तरह शुरू होने और मंडियों में माल की आवक बढ़ने से कीमतों पर दबाव कम हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले दो सप्ताह में निर्माण सामग्री के दामों में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

निर्माण सामग्री कहां-कहां से आती है

बालू बाराबंकी, गोंडा, बहराइच और सीतापुर से आती है, जबकि मौरंग बांदा, हमीरपुर, जालौन और झांसी से मंगाई जाती है। गिट्टी महोबा, झांसी, सोनभद्र और मिर्जापुर से आती है। ईंट मोहनलालगंज, गोसाईंगंज, काकोरी, मलिहाबाद, बीकेटी और बाराबंकी से आती है। सरिया कानपुर, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, दुर्गापुर और रायपुर से, जबकि सीमेंट रायबरेली, अयोध्या, सोनभद्र, सतना और रीवा से आता है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News