71 लाख लगी घोड़े की कीमत, फिर भी मालिक ने बेचने से किया इनकार, गढ़मुक्तेश्वर मेले में चर्चा

Share

- Advertisement -

Hapur News: हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर खादर क्षेत्र में चल रहे गंगा कार्तिक मेले के खच्चर मेले में 30 महीने के नुकरा नस्ल के घोड़े की कीमत 71 लाख रुपये लगाई गई है। मेले में आयोजित कार्यक्रम में अच्छे प्रदर्शन के बाद एक शौकीन ने यह बोली लगाई, लेकिन मालिक नीटू चौधरी ने इसे बेचने से साफ इनकार कर दिया।

घोड़ा मालिक नीटू चौधरी ने बताया कि उनका यह घोड़ा नुकरा नस्ल का है और अभी इसकी उम्र मात्र 30 महीने है। गढ़मुक्तेश्वर मेले के एक कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन के बाद एक शौकीन व्यक्ति ने इसकी कीमत 71 लाख रुपये लगाई। हालांकि, नीटू चौधरी का कहना है कि वह इसे बेचना नहीं चाहते और यह घोड़ा नॉट फॉर सेल है।

देखने में बेहद खूबसूरत इस घोड़े को देखने के लिए खच्चर मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इस बार 71 लाख रुपये कीमत वाले इस घोड़े ने मेले की रौनक बढ़ा दी है।

सदियों पुराना है गढ़मुक्तेश्वर का खच्चर मेला

हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर खादर इलाके में गंगा कार्तिक मेला महाभारत काल से लगता आ रहा है। यहां लगने वाला खच्चर मेला भी कई सैकड़ों वर्षों से प्रसिद्ध है। घोड़ा और खच्चर पालने के शौकीन लोग इन्हें खरीदने के लिए यहां पहुंचते हैं।

मेले में हुड़दंग करने वाले 4 युवक गिरफ्तार

बीते दिन हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में चल रहे गंगा कार्तिक मेले के दौरान ट्रैक्टर पर सवार होकर हुड़दंग करने के आरोप में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गढ़ चौपला के पास की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से शराब भी मिली और सोनालिका ट्रैक्टर को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया। एसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी मेरठ जिले के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान सचिन, शुभम, सागर और आदर्श के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मेले में गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सख्त है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News