Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग ने स्वीकारा अफेयर, चीनी जासूस से संबंध के आरोपों के बीच बोर्ड ने बैठाई जांच

Share

- Advertisement -

World News: दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग ने पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग के साथ संबंधों की बात स्वीकार करते हुए परिवार और कंपनी से माफी मांगी है। उधर, महिला पर चीन को गोपनीय जानकारी देने के आरोपों के बाद कंपनी बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।

दुनिया की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर चिप निर्माता कंपनी Nvidia के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेनसन हुआंग ने एक पूर्व डाटा सेंटर अधिकारी के साथ विवाहेतर संबंध होने की बात सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर ली है। इस खुलासे के बाद उनकी पत्नी लोरी हुआंग की निजी जिंदगी और संभावित तलाक की स्थिति में संपत्ति के बंटवारे को लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया और सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।

परिवार और कंपनी से मांगी सार्वजनिक माफी

‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, जेनसन हुआंग के सिंगापुर की डाटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व वरिष्ठ अधिकारी एलिस हुआंग के साथ करीबी संबंध थे। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद जेनसन हुआंग ने सोमवार को औपचारिक बयान जारी कर पूरे मामले पर खेद जताया।

अपने बयान में जेनसन हुआंग ने कहा, “मुझे अपने परिवार और आप सभी से माफी मांगनी चाहिए। मैंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की है। मेरे इस कदम से मेरी पत्नी और बच्चों को गहरा आघात पहुंचा है। मैंने जो किया, उसका कोई औचित्य या बहाना नहीं हो सकता। मुझे इसका गहरा पछतावा है।” उन्होंने आगे कहा कि उनका परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहा और उन्हें पूरा सहयोग दिया, लेकिन उन्होंने अपने परिवार को निराश किया है।

संभावित तलाक और संपत्ति बंटवारे पर अटकलें

अरबपति कारोबारी की पत्नी होने के बावजूद लोरी हुआंग हमेशा सार्वजनिक चकाचौंध से दूर रही हैं। उनकी स्वतंत्र व्यक्तिगत संपत्ति का कोई आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक नहीं है, क्योंकि उनका वित्तीय प्रोफाइल मुख्य रूप से जेनसन की कुल संपत्ति से जुड़ा है। अनुमानों के अनुसार, जेनसन हुआंग की कुल संपत्ति लगभग 160 अरब डॉलर से 195 अरब डॉलर के बीच आंकी गई है, जिसका मुख्य स्रोत Nvidia में उनकी करीब चार प्रतिशत हिस्सेदारी है। वर्तमान में कंपनी का कुल बाजार मूल्यांकन 4 लाख करोड़ डॉलर से अधिक बताया गया है।

कैलिफोर्निया के पारिवारिक कानूनों के जानकारों और सोशल मीडिया पर चल रहे दावों के मुताबिक, Nvidia की स्थापना दोनों के विवाह के बाद हुई थी। ऐसे में यदि दोनों के बीच कोई विवाह-पूर्व समझौता (Pre-nuptial Agreement) मौजूद नहीं है, तो कैलिफोर्निया के नियमों के तहत तलाक की स्थिति में वैवाहिक संपत्ति का समान रूप से बंटवारा हो सकता है। यदि ऐसा होता है, तो लोरी को 80 अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति मिल सकती है। हालांकि, तलाक या कानूनी अलगाव को लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

चीनी खुफिया संपर्क के आरोपों पर बोर्ड की जांच

इस मामले में सबसे गंभीर मोड़ राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोपों के बाद आया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि एलिस हुआंग ने अमेरिका की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां बीजिंग तक पहुंचाई हो सकती हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।

इस पूरे घटनाक्रम को देखते हुए Nvidia के निदेशक मंडल (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स) ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बाहरी कानूनी सलाहकारों के साथ मिलकर इस बात की जांच करेगी कि क्या कंपनी के हितों या राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता हुआ है। बोर्ड ने दोहराया कि अमेरिकी राष्ट्रीय व आर्थिक सुरक्षा और शेयरधारकों के हितों की रक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News