Mumbai News: अदाणी समूह ने उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि उसकी नवीकरणीय ऊर्जा इकाई अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने वैधानिक दायित्वों को कम करने के उद्देश्य से ‘ताराली पम्प्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट’ (पीएसपी) की अनुमानित लागत घटाने की कोशिश की है। समूह ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ क्लीयरेंस प्रपोजल में दर्शाई गई 56.75 करोड़ रुपये की राशि केवल शुरुआती स्थलीय जांच (साइट इन्वेस्टिगेशन) और सर्वेक्षण से जुड़ी थी, न कि पूरी परियोजना की लागत से।
एक मीडिया रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अदाणी समूह के प्रवक्ता ने कहा कि ऑनलाइन प्रस्ताव केवल स्थलीय जांच के उद्देश्य से दाखिल किया गया था, जबकि राज्य वन्यजीव बोर्ड (एसबीडब्ल्यूएल) ने परियोजना की कुल लागत 5,675 करोड़ रुपये ही मानी थी। प्रवक्ता ने तर्क दिया कि स्थलीय जांच की लागत कुल परियोजना लागत का लगभग एक प्रतिशत होती है, इसलिए ऑनलाइन प्रपोजल में 56.75 करोड़ रुपये की राशि का उल्लेख किया गया था, जो केवल सर्वेक्षण और जांच से संबंधित खर्च है।
क्या था पूरा विवाद और मीडिया रिपोर्ट का दावा?
इससे पहले एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट में यह दावा किया गया था कि अदाणी ग्रीन एनर्जी ने महाराष्ट्र में प्रस्तावित 1,500 मेगावाट की ताराली पम्प्ड स्टोरेज परियोजना की घोषित लागत को एक संशोधित हलफनामे के जरिए 5,675 करोड़ रुपये से घटाकर 56.75 करोड़ रुपये कर दिया है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि लागत कम दर्शाने के कारण सह्याद्री टाइगर रिजर्व के लिए कंपनी का अनिवार्य वन्यजीव संरक्षण अंशदान 227 करोड़ रुपये से घटकर करीब 2.27 करोड़ रुपये रह गया। इस मामले के सामने आने के बाद केंद्र सरकार द्वारा जांच के आदेश दिए जाने की बात भी रिपोर्ट में कही गई थी।
परियोजना स्थल को लेकर समूह का स्पष्टीकरण
समूह ने वन्यजीव संरक्षण से जुड़ा खर्च घटाने के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। कंपनी का कहना है कि इस परियोजना में कोई भी संरक्षित वन या वन्यजीव क्षेत्र शामिल नहीं है।
अदाणी समूह के अनुसार, ताराली पीएसपी पूरी तरह से निजी और गैर-वन भूमि पर स्थित है तथा कोयना वन्यजीव अभयारण्य से 3.2 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके अतिरिक्त, यह परियोजना सह्याद्री टाइगर रिजर्व के अधिसूचित बफर जोन से भी बाहर है और किसी भी बाघ गलियारे या अधिसूचित इको-सेंसिटिव जोन को प्रभावित नहीं करती है।