New Delhi News: छठ पर्व और आगामी शादी सीजन के बीच देश के प्रमुख रूटों पर हवाई किराया दोगुना होने पर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने नाराजगी जताई है। सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु को पत्र लिखकर किरायों पर अधिकतम सीमा (अपर कैप) तय करने और उड़ानों की संख्या बढ़ाने सहित पांच प्रमुख मांगें रखी हैं।
छठ पर्व और आगामी शादी के सीजन के बीच देश के कई प्रमुख हवाई रूटों पर किराया अचानक दोगुना हो गया है। इस बढ़ोतरी को लेकर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु को पत्र लिखा है। संगठन ने विमान कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाने और हवाई किरायों को नियंत्रित करने की मांग की है।
सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि बढ़े हुए हवाई किरायों से केवल व्यापारी वर्ग ही नहीं, बल्कि मध्यम वर्ग और आम नागरिक भी परेशान हैं। उन्होंने बताया कि छठ पर्व के साथ ही 20 नवंबर से शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है। ऐसे समय में लाखों लोग अपने घर जाने और पारिवारिक समारोहों में शामिल होने के लिए यात्रा करना चाहते हैं, लेकिन अत्यधिक किराये के कारण उन्हें परेशानी हो रही है।
दिल्ली से प्रमुख शहरों का हवाई किराया दोगुना
सीटीआई के सर्वे के अनुसार, दिल्ली से विभिन्न शहरों के लिए हवाई किराया कुछ दिन पहले के मुकाबले दोगुना हो गया है। बृजेश गोयल ने कहा कि कुछ दिन पहले यही टिकट आधे दाम पर मिल रहे थे, लेकिन अचानक किराया दोगुना कर दिया गया है। संगठन के अनुसार प्रमुख रूटों पर वर्तमान किराया इस प्रकार है:
- दिल्ली से दरभंगा: 20,000 रुपये
- दिल्ली से पटना: 18,000 रुपये
- दिल्ली से बेंगलुरु: 16,000 से 18,000 रुपये
- दिल्ली से मुंबई: 15,000 रुपये
- दिल्ली से हैदराबाद: 11,000 से 15,000 रुपये
- दिल्ली से अहमदाबाद: 11,000 रुपये
केंद्रीय मंत्री के सामने रखीं 5 प्रमुख मांगें
सीटीआई ने नागरिक उड्डयन मंत्री को भेजे पत्र में यात्रियों को राहत देने के लिए पांच सुझाव और मांगें रखी हैं:
- मनमाने किरायों पर रोक: त्योहार और शादी के सीजन का लाभ उठाकर विमान कंपनियों द्वारा वसूले जा रहे मनमाने किराये पर सरकार तुरंत नियंत्रण लगाए।
- अपर कैप तय हो: हर हवाई रूट के लिए किराये की अधिकतम सीमा (अपर कैप) निर्धारित की जाए, ताकि कोई भी एयरलाइन उससे अधिक राशि न वसूल सके।
- दूरी के अनुसार तय हो किराया: गंतव्य की दूरी और किलोमीटर के आधार पर किराया तय करने का पारदर्शी फॉर्मूला बनाया जाए। संगठन का कहना है कि 500 किलोमीटर और 1500 किलोमीटर की उड़ान का किराया एक जैसा नहीं होना चाहिए।
- उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाए: अधिक मांग वाले व्यस्त रूटों जैसे दिल्ली-पटना, दिल्ली-दरभंगा, दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-बेंगलुरु पर विमानों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जाए।
- नई एयरलाइंस शुरू हों: हवाई क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए दो से तीन नई विमान कंपनियों को शुरू किया जाए। संगठन का मानना है कि केवल दो प्रमुख कंपनियों पर निर्भरता कम होने से किरायों में अपने आप कमी आएगी।