Patna News: बिहार विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह से प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पटना में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार केवल विपक्ष के नेताओं को जांच एजेंसियों के जरिए परेशान करने में लगी है। साथ ही, उन्होंने निशांत कुमार से जुड़े विवाद पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
आरजेडी नेता और विधान परिषद सदस्य (MLC) सुनील कुमार सिंह से ईडी की पूछताछ पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें इस मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है, लेकिन विपक्षी नेताओं को जांच एजेंसियों द्वारा बुलाया जाना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का काम सिर्फ विपक्ष को निशाना बनाना और एजेंसियों से पूछताछ करवाना रह गया है, जबकि उसके पास जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने का समय नहीं है।
संवैधानिक संस्थाओं को स्वतंत्र काम न करने देने का आरोप
तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दिया जा रहा है।
निशांत कुमार को धक्का देने के सवाल पर साधी चुप्पी
वैशाली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुरक्षाकर्मियों द्वारा निशांत कुमार को कथित तौर पर धक्का दिए जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि किसने किसको धक्का दिया, यह उन लोगों का आपसी मामला है और इस पर संबंधित लोग ही अपनी बात रख सकते हैं।
विधान परिषद सदस्यों की सदस्यता रद्द करने के मामले में आगे बढ़ेगी आरजेडी
विधान परिषद के सदस्य राहुल राज और बंशीधर बृजदारी की सदस्यता रद्द करने से जुड़ा आवेदन खारिज होने पर भी तेजस्वी यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में तकनीकी आधार का हवाला दिया जा रहा है, लेकिन उनके अनुसार यह केवल तकनीकी विषय नहीं है।
तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि आरजेडी इस फैसले के खिलाफ आगे की कानूनी या आवश्यक कार्रवाई करेगी। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे प्रकरण से जुड़े वीडियो और तस्वीरें मौजूद हैं, और सभापति का निर्णय आगे की कार्रवाई में उनकी पार्टी के लिए मददगार साबित होगा।
महंगाई और आर्थिक स्थिति पर राहुल गांधी के बयान का किया समर्थन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा देश में आर्थिक संकट की स्थिति बनने को लेकर दिए गए बयान पर तेजस्वी यादव ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई बढ़ रही है और आम लोगों का जीवन लगातार कठिन होता जा रहा है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई और जनसमस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने में व्यस्त है।