तेजस्वी यादव ने मंत्री अशोक चौधरी को बर्खास्त करने और एमएलसी सदस्यता रद्द करने की मांग की

Share

- Advertisement -

Patna News: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य के मंत्री अशोक चौधरी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और उनकी विधान परिषद सदस्यता रद्द करने की मांग की है। तेजस्वी ने लाभ के पद (ऑफिस ऑफ प्रॉफिट) का आरोप लगाते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के मुद्दे पर भी निशाना साधा।

    बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंत्री अशोक चौधरी को मंत्रिमंडल से हटाने और उनकी विधान परिषद की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि अशोक चौधरी को मंत्री पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘ऑफिस ऑफ प्रॉफिट’ का पूरा मामला सामने होने के बावजूद सरकार कार्रवाई करने से बच रही है और इस मामले में तत्काल निर्णय लिया जाना चाहिए।

    तेजस्वी यादव ने आगे आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में जिस अधिकारी ने अशोक चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट लिखी थी, उसे ही पद से हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार और ट्रांसफर-पोस्टिंग का खेल चल रहा है, जहां अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को हटाया जा रहा है और भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों को तैनाती दी जा रही है।

    निशांत कुमार के साथ कथित धक्का-मुक्की पर प्रतिक्रिया

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक कार्यक्रम के दौरान निशांत कुमार के साथ कथित धक्का-मुक्की के मामले पर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी यादव ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस विषय पर अधिक टिप्पणी करने से बचते हुए कहा, “कौन किसको धक्का दिया, नहीं दिया, यह उन लोगों का मामला है। वही लोग जानें।” उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के सुरक्षा घेरे में तैनात सुरक्षाकर्मियों द्वारा निशांत कुमार को पीछे हटाने और धक्का देने का एक वीडियो सामने आया था, जिसके बाद जदयू ने नाराजगी जताते हुए पुलिस मुख्यालय से कार्रवाई की मांग की थी।

    राहुल राज और बंशीधर व्रजवासी की सदस्यता का मुद्दा

    राहुल राज और बंशीधर व्रजवासी की विधान परिषद सदस्यता रद्द करने के लिए दिए गए आवेदन को खारिज किए जाने पर भी तेजस्वी यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह केवल तकनीकी मामला नहीं है और किसके दबाव में यह फैसला लिया गया है, यह सभी जानते हैं। तेजस्वी ने कहा कि विधान परिषद के सदस्यों के पास इस मामले से जुड़े वीडियो और तस्वीरें जैसे साक्ष्य मौजूद हैं, इसलिए तकनीकी आधार पर आवेदन खारिज करना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभापति के इस फैसले के खिलाफ वे कानूनी और संसदीय स्तर पर अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

    महंगाई और आर्थिक संकट पर सरकार को घेरा

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देश में आर्थिक संकट से जुड़े बयान का समर्थन करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम लोगों का जीवन मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को जनता की आर्थिक परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है और वह इन बुनियादी मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय अपना एजेंडा चलाने में लगी है।

    सुनील कुमार सिंह से ईडी की पूछताछ और संवैधानिक संस्थाओं पर बयान

    राजद के विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें इस मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का उपयोग विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है और केवल विपक्ष के नेताओं को ही पूछताछ के लिए बुलाया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता प्रभावित होने की बात कहते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाए जाने का भी आरोप लगाया।

    Read more

    Related News