समस्तीपुर में बेटे पर तनी पिस्तौल देख निहत्थे बदमाश से भिड़ी मां, छीना हथियार; फरार हुए अपराधी

Share

- Advertisement -

Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सहनी टोले में सोमवार दोपहर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने राजा कुमार सहनी के घर पर तीन राउंड फायरिंग की। बेटे की जान खतरे में देख उनकी मां भगवती देवी ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश से पिस्तौल छीन ली, जिसके बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।

बिहार के समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक मां की बहादुरी से बड़ी अनहोनी टल गई। बरहेता पंचायत के भगवानपुर काली स्थान वार्ड संख्या-9 स्थित सहनी टोले में सोमवार दोपहर करीब एक बजे बाइक सवार दर्जनों बदमाशों ने राजा कुमार सहनी के घर पर हमला कर दहशत फैलाने के लिए तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान राजा कुमार सहनी की मां भगवती देवी ने निहत्थे ही एक बदमाश से भिड़कर उसके हाथ से पिस्तौल छीन ली। महिला के इस साहसिक कदम और शोर मचने के बाद सभी अपराधी मौके से भाग निकले।

विवाद के बाद घर पर की गई गोलीबारी

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, राजा कुमार सहनी छठ पर्व मनाने के लिए गुजरात से अपने गांव आए थे। रविवार शाम चारपहिया वाहन से आए कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर उनका विवाद हुआ था, जो उस समय शांत हो गया था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सोमवार दोपहर करीब एक बजे दर्जनों अपराधी मोटरसाइकिल से राजा के घर पहुंचे और गोलीबारी शुरू कर दी।

गोलियों की आवाज और बेटे पर मंडराते खतरे को देख भगवती देवी बिना डरे आगे बढ़ीं और एक अपराधी के हाथ से पिस्तौल छीन ली। इस छीना-झपटी के दौरान बदमाशों की मैगजीन और एक मोबाइल फोन भी घटनास्थल पर ही गिर गया। ग्रामीणों के जुटने और शोर मचाने पर सभी बदमाश वहां से फरार हो गए।

पुलिस ने हथियार व मोबाइल किया जब्त, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

थानाध्यक्ष रणवीर कुमार रावत ने बताया कि गोलीबारी की सूचना के बाद मौके से देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और बरामद मोबाइल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है।

इलाके में दहशत के बीच महिला के साहस की सराहना

दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद से सहनी टोले और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भय और आक्रोश देखा जा रहा है, वहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। दूसरी ओर, पूरे इलाके में भगवती देवी की हिम्मत की चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि उन्होंने समय रहते साहस न दिखाया होता, तो इस घटना में बड़ा नुकसान हो सकता था।

Read more

Related News