सहारा इंडिया निवेशकों को बड़ी राहत: अब पूरी पात्र जमा राशि के लिए कर सकेंगे ऑनलाइन क्लेम, जानें आवेदन की प्रक्रिया

Share

- Advertisement -

New Delhi News: सहारा इंडिया में फंसी रकम की वापसी का इंतजार कर रहे निवेशकों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें रिफंड के लिए 50 हजार या 10 लाख रुपये की सीमा तक सीमित रहने के बजाय अपनी पूरी पात्र जमा राशि के लिए आवेदन करने की सुविधा मिल गई है।

सहारा इंडिया की सहकारी समितियों में पैसा जमा करने वाले निवेशकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अब पात्र निवेशकों को रिफंड पाने के लिए 50 हजार या 10 लाख रुपये की तय सीमा तक ही आवेदन करने की बाध्यता नहीं है, बल्कि वे अपनी पूरी पात्र जमा राशि के लिए क्लेम कर सकते हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, सहारा रिफंड पोर्टल पर अब तक करीब 1.51 करोड़ निवेशक आवेदन कर चुके हैं। इनमें से 47 लाख से अधिक लोगों के बैंक खातों में कुल 10,037.47 करोड़ रुपये की राशि वापस भेजी जा चुकी है।

सहारा रिफंड के लिए कैसे करें आवेदन?

सहारा में जमा पैसे की वापसी के लिए केंद्र सरकार ने सीआरसीएस-सहारा रिफंड पोर्टल (CRCS-Sahara Refund Portal) शुरू किया है। पात्र निवेशक घर बैठे इस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन क्लेम कर सकते हैं।

आवेदन करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट [https://mocrefund.crcs.gov.in](https://mocrefund.crcs.gov.in) पर जाएं। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और निशुल्क है, इसके लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं देना होता है।

आवेदन करते समय ध्यान रखें कि आवेदक का मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना अनिवार्य है। इसके साथ ही एक सक्रिय बैंक खाता होना जरूरी है, ताकि पात्रता की जांच पूरी होने के बाद रिफंड की रकम सीधे खाते में ट्रांसफर की जा सके। चारों सहारा सहकारी समितियों से जुड़े सभी पात्र क्लेम एक ही आवेदन फॉर्म में जमा करने होते हैं। केवल ऑनलाइन पोर्टल के जरिए किए गए आवेदनों पर ही विचार किया जाएगा।

आवेदन के बाद कितने दिन में आएगा पैसा?

पोर्टल के नियमों के अनुसार, ऑनलाइन क्लेम जमा होने के बाद संबंधित सहारा सहकारी समितियों द्वारा 30 दिनों के भीतर दस्तावेजों और दावों की जांच की जाती है। इसके बाद आवेदन की तारीख से कुल 45 दिनों के अंदर निवेशक को क्लेम पर लिए गए फैसले की जानकारी दे दी जाती है।

यह सूचना एसएमएस (SMS) या पोर्टल के माध्यम से मिलती है। इसलिए फॉर्म भरते समय अपना सही मोबाइल नंबर दर्ज करें और समय-समय पर पोर्टल पर आवेदन की स्थिति (स्टेटस) जांचते रहें।

आवेदन के बाद भी पैसा न आए तो क्या करें?

यदि आपने रिफंड के लिए आवेदन कर दिया है, लेकिन खाते में राशि नहीं पहुंची है, तो सबसे पहले यह जांचें कि आपके आवेदन में कोई कमी तो नहीं बताई गई है। कई बार दस्तावेजों में त्रुटि, गलत जानकारी या बैंक खाते से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण भुगतान रुक जाता है।

यदि आपको आवेदन में किसी कमी या भुगतान विफल (पेमेंट फेल) होने का संदेश मिला है, तो पहले बताई गई समस्या को दूर करें। इसके बाद री-सबमिशन पोर्टल [https://mocresubmit.crcs.gov.in/resubmission/#/home](https://mocresubmit.crcs.gov.in/resubmission/#/home) पर जाकर दोबारा आवेदन जमा करें। री-सबमिशन करते समय पोर्टल पर दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें, क्योंकि बिना कमी दूर किए दोबारा आवेदन करने पर क्लेम फिर से अटक सकता है।

निवेशकों के लिए जरूरी सावधानियां

आवेदन करने से पहले अपने सभी पहचान पत्र और जमा राशि से जुड़े प्रमाण अच्छी तरह जांच लें। रिफंड दिलाने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति या एजेंट को पैसे न दें। किसी भी तरह की परेशानी होने पर निवेशक पोर्टल पर उपलब्ध आधिकारिक हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं।

Read more

Related News