Rampur: अनुप्रिया पटेल के स्वार दौरे से पहले जागा प्रशासन, सड़कों से हटाया अतिक्रमण; दो दर्जन दुकानदारों का सामान जब्त

Share

- Advertisement -

Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के स्वार कस्बे में अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सड़कों पर सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान प्रमुख मार्गों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेलों और फड़ों को हटवाते हुए करीब दो दर्जन दुकानदारों का सामान जब्त किया गया। अधिकारियों ने दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

स्वार नगर की सड़कों पर अवैध अतिक्रमण और नो एंट्री के बावजूद भारी वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही के चलते स्थानीय नागरिकों को आए दिन भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा था। इसी बीच, चार नवंबर को अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के स्वार आगमन को ध्यान में रखते हुए सोमवार को स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शहर की सड़कों पर उतरकर व्यापक अभियान चलाया।

स्वार-रामपुर समेत प्रमुख मार्गों पर चला अभियान

सोमवार दोपहर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजकुमार भास्कर, कोतवाली प्रभारी पंकज पंत और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) अभिषेक कुमार पालिका कर्मियों के साथ मुख्य सड़कों पर पहुंचे। टीम ने स्वार-रामपुर, स्वार-बाजपुर और स्वार-बिलासपुर मार्गों पर सड़क किनारे लगाए गए फल के ठेलों और फड़ संचालकों को चिह्नित कर अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने दुकानदारों को तत्काल अपनी दुकानें पीछे करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

दो दर्जन दुकानों का सामान जब्त, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

कार्रवाई के दौरान नगर पालिका की टीम ने करीब दो दर्जन ऐसे दुकानदारों के बैनर, छतरी, फड़ और अन्य सामान जब्त कर लिए, जो सड़क सीमा पर बाधा उत्पन्न कर रहे थे। अधिशासी अधिकारी ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा सड़कों पर अतिक्रमण पाया गया, तो भारी जुर्माना लगाने के साथ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

एसडीएम राजकुमार भास्कर ने स्पष्ट किया कि नगर को जाम मुक्त बनाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और आम जनता से मिलने वाली शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News