Sheohar News: अयोध्या से जनकपुर तक बनने वाले राम-जानकी पथ के निर्माण से शिवहर जिले के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। इस महत्वपूर्ण राजमार्ग के बनने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही सफर की दूरी और समय दोनों घटेंगे।
माता सीता की जन्मस्थली सीतामढ़ी और जनकपुर जाने वाले श्रद्धालु अब आसानी से शिवहर के महाभारतकालीन देकुली धाम में रुक सकेंगे। बाबा भुवनेश्वरनाथ महादेव का यह ऐतिहासिक मंदिर हाइवे के बिल्कुल समीप स्थित है। पर्यटकों के ठहराव से स्थानीय अर्थव्यवस्था, छोटे व्यापारियों और बाजारों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
फोर लेन सड़क निर्माण और रूट निर्धारण को लेकर इंतजार
यह महत्वपूर्ण मार्ग अयोध्या, गोपालगंज और चकिया से होकर शिवहर से गुजरेगा और सीतामढ़ी के भिट्ठामोड़ पर समाप्त होगा। इसके आगे 30 किलोमीटर सड़क का निर्माण नेपाल सरकार द्वारा कराया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग 227ए को टू-लेन से फोर-लेन में बदला जाना है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
शिवहर शहर को उजड़ने से बचाने के लिए पूर्व में बाईपास बनाने का निर्णय लिया गया था। प्रशासनिक टीम ने डुमरी कटसरी प्रखंड के चार गांवों की 53 एकड़ से अधिक जमीन के अधिग्रहण का प्रस्ताव भेजा है। हालांकि रूट में संशोधन की वजह से निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में अब भी इंतजार बना हुआ है।