New Delhi News: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने दिल्ली से जम्मू-कश्मीर तक फैले नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दिल्ली और जम्मू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने शाहदरा स्थित एक गुप्त गोदाम से पांच लाख से अधिक प्रतिबंधित टैबलेट व कैप्सूल बरामद किए हैं।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की जम्मू और दिल्ली की संयुक्त टीम ने नशीली दवाओं की अवैध तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एजेंसी ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि तस्करों ने दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराये के एक मकान में गुप्त गोदाम बना रखा था। यहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित और नशीली दवाएं जमा की जाती थीं, जिन्हें बाद में जम्मू-कश्मीर और कश्मीर घाटी तक पहुंचाया जाता था।
गोदाम से पांच लाख से अधिक प्रतिबंधित दवाएं बरामद
छापेमारी के दौरान शाहदरा स्थित गोदाम से पांच लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें जब्त की गई हैं। बरामद दवाओं में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, दिल्ली में इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के पास से कोडीन कफ सिरप की 356 बोतलें भी बरामद की गई हैं। एनसीबी की टीम अब इस पूरे सिंडिकेट के सप्लायर, डिस्ट्रीब्यूटर और इसके पीछे हो रहे आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है।
उधमपुर में यात्री बस की तलाशी से मिला था सुराग
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा 16 नवंबर की सुबह शुरू हुई एक कार्रवाई से हुआ। एनसीबी जम्मू की टीम ने उधमपुर जिले के चेनानी स्थित माडा टोल प्लाजा पर श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोककर तलाशी ली। बस में सवार डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के पास से करीब सात किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह खेप कश्मीर घाटी में पहुंचाई जानी थी। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर एनसीबी ने सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। इसी क्रम में एजेंसी ने अनंतनाग निवासी एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया, जो कश्मीर घाटी में इस खेप का कथित मुख्य रिसीवर था। पूछताछ के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि इस अवैध कारोबार का मुख्य केंद्र दिल्ली से संचालित हो रहा था, जिसके बाद शाहदरा स्थित गोदाम पर छापा मारा गया।